कोटा सिटी मॉल की नानूस अड्डा दुकान पर बैंक ने 65 लाख रुपये के बकाया लोन वसूलने के लिए कब्जा किया। कोर्ट के आदेश के बाद बैंक ने दुकान सील कर दी। अब इसकी नीलामी कर राशि वसूली जाएगी।
Rajasthan: कोटा शहर के झालावाड़ रोड स्थित सिटी मॉल में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नानूस अड्डा नामक दुकान पर कब्जा कर लिया। बैंक ने यह कदम 65 लाख रुपए के बकाया लोन की वसूली के लिए उठाया। बैंक के अनुसार, पिछले काफी समय से दुकान मालिक द्वारा लोन की किश्तों का भुगतान नहीं किया जा रहा था।
विधिक सलाहकार विनीत विजय ने बताया कि बैंक ने कई बार कानूनी नोटिस भेजकर दुकान मालिक को बकाया राशि चुकाने का अवसर दिया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद बैंक ने कोर्ट का रास्ता अपनाया और कोर्ट ने बैंक के पक्ष में कब्जा लेने के आदेश जारी किए।
कोर्ट आदेश के तहत पुलिस सुरक्षा में कब्जा

कोर्ट के आदेश की अनुपालना में बैंक की टीम भारी पुलिस सुरक्षा के साथ मॉल में पहुंची। उन्होंने दुकान को खाली करवाया और आधिकारिक रूप से अपना कब्जा दर्ज किया। इसके बाद बैंक ने दुकान पर अपनी सील लगाई।
इस दौरान मॉल में मौजूद अन्य दुकानदार और ग्राहक कौतूहल में पड़ गए। कार्रवाई के समय मॉल में हलचल और हड़कंप का माहौल बना रहा।
नीलामी के जरिए बकाया राशि वसूली की जाएगी
बैंक ने स्पष्ट किया कि अब इस दुकान की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे बकाया राशि वसूली जाएगी। यह कदम अन्य लोनधारकों के लिए भी संदेश माना जा रहा है कि बकाया लोन की वसूली में बैंक कानूनी रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगा।
बैंक अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई कानूनी रूप से पूरी तरह वैध है और बैंक की नीतियों के तहत किया गया है। इस घटना के बाद मॉल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की भी योजना बनाई जा रही है।










