बॉलीवुड की लीडिंग एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में कृति ने फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए और बताया कि यह फिल्म उनके करियर में क्यों खास है।
Kriti Sanon On Cocktail 2: कृति सेनन वर्तमान समय में बॉलीवुड की लीडिंग एक्ट्रेस में शामिल हैं और लगातार बड़ी फिल्मों का हिस्सा बन रही हैं। उनकी हालिया रिलीज़ फिल्म तेरे इश्क में ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से अधिक की कमाई की। वर्तमान में कृति अपनी आगामी फिल्म कॉकटेल 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं।
इस दौरान उन्होंने फिल्म की शूटिंग से जुड़े अनुभव साझा किए हैं। साथ ही उन्होंने अपने साथी कलाकारों शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना के साथ काम करने के अनुभव और मजेदार किस्सों के बारे में भी बात की।
‘कॉकटेल 2’ का अनुभव
जूम के जरिए बातचीत में कृति सेनन ने कहा, “मैं कुछ मजेदार और ताजा करना चाहती थी। ‘तेरे इश्क में’ जैसी इंटेंस और इमोशनल फिल्म के बाद मैं कुछ हल्का-फुल्का, रोमांटिक और मजेदार करना चाहती थी। यही वजह है कि ‘कॉकटेल 2’ मेरे लिए सही समय पर आई। कृति ने बताया कि फिल्म का माहौल और कहानी बहुत प्यारी है। “हमने लगभग दो बड़े शेड्यूल शूट कर लिए हैं।
अब मुंबई में एक और शेड्यूल शुरू होने वाला है। इसमें शानदार संगीत है और मुझे लगता है कि मैं पहले से बिल्कुल अलग नजर आ रही हूं। यह फिल्म रिश्तों को नए तरीके से दिखाएगी और जो भी यह कह रही है, वह बहुत प्रासंगिक है। हर कोई इससे जुड़ पाएगा।

शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना के साथ काम करने का अनुभव
कृति सेनन ने अपने को-स्टार्स शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “शाहिद और रश्मिका के साथ शूटिंग करना बहुत मजेदार रहा। निर्देशक होमी अदजानिया की मस्ती हम सबको एक शानदार और मनोरंजक सफर पर ले जाती है। शाहिद के साथ मैं पिछली फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ (2024) के बाद दूसरी बार काम कर रही हूं। वह हमेशा कहते हैं कि इंसान के तौर पर मिलकर अच्छा लगा और यह बंधन जरूरी नहीं कि सिर्फ काम तक सीमित रहे।
रश्मिका मंदाना के साथ भी शूटिंग का अनुभव कृति के लिए काफी सकारात्मक रहा। उन्होंने कहा कि रश्मिका के साथ उनकी केमिस्ट्री सेट पर बहुत अच्छे तरीके से नजर आई और दोनों का ऑन-स्क्रीन तालमेल दर्शकों को पसंद आएगा।
फिल्म की कहानी और स्टाइल
‘कॉकटेल 2’ एक शहरी रोमांटिक कॉमेडी है, जिसमें हल्के-फुल्के रोमांस के साथ कॉमेडी का तड़का है। कृति का कहना है कि यह फिल्म दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ रिश्तों के नए पहलुओं से भी जोड़ती है। उन्होंने बताया कि फिल्म के शेड्यूल के दौरान उन्होंने कई मजेदार और यादगार पल बिताए। कृति ने कहा, मैं हमेशा ऐसी फिल्में करना पसंद करती हूं जो मेरे दर्शकों को पसंद आए और खुद मुझे आनंद दे। ‘कॉकटेल 2’ बिल्कुल उसी तरह की फिल्म है। इस फिल्म में मैं खुद को पहले से अलग और फ्रेश महसूस कर रही हूं।











