नाइट क्लब अग्निकांड! थाईलैंड से डिपोर्ट होंगे लूथरा ब्रदर्स, दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस लेगी कस्टडी

नाइट क्लब अग्निकांड! थाईलैंड से डिपोर्ट होंगे लूथरा ब्रदर्स, दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस लेगी कस्टडी

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से डिपोर्ट किया जा रहा है। आज रात दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस उनकी कस्टडी लेगी और आगे की जांच शुरू करेगी।

Goa: गोवा के चर्चित नाइट क्लब अग्निकांड मामले में बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। उत्तरी गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित नाइट क्लब में लगी भीषण आग के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स आज रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपियों को थाईलैंड के बैंकॉक से भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। दिल्ली पहुंचते ही गोवा पुलिस उनकी कस्टडी लेगी और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगी।

यह मामला 6 दिसंबर की रात हुए नाइट क्लब अग्निकांड से जुड़ा है, जिसने पूरे देश में सवाल खड़े कर दिए थे। अब आरोपी भारत लौट रहे हैं, जिससे जांच में तेजी आने की उम्मीद है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर बदलेगी कस्टडी

लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी और पूछताछ की जिम्मेदारी गोवा पुलिस के पास है। इसी वजह से गोवा पुलिस की एक विशेष टीम आज रात दिल्ली के लिए रवाना हो रही है। दिल्ली एयरपोर्ट पर ही दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से हिरासत में लिया जाएगा।

पहले योजना थी कि गोवा पुलिस थाईलैंड जाकर आरोपियों को भारत लाएगी, लेकिन अब कस्टडी दिल्ली में ही बदली जाएगी। इसके बाद देर रात या तड़के दोनों को गोवा ले जाया जाएगा।

गोवा पहुंचते ही लूथरा ब्रदर्स को सीधे अंजुना पुलिस स्टेशन ले जाया जाएगा, जहां उनसे आगे की गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस का फोकस इस बात पर होगा कि आग लगने की असली वजह क्या थी और सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई।

17 दिसंबर को कोर्ट में पेशी की तैयारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लूथरा ब्रदर्स को 17 दिसंबर को मापुसा कोर्ट में पेश किया जा सकता है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गोवा सरकार ने पहले ही एक विशेष कानूनी टीम का गठन कर दिया है।

इस टीम में विधि विभाग और अभियोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, ताकि अदालत में मामले की मजबूत पैरवी की जा सके। सरकार का साफ संदेश है कि इस केस में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत केस दर्ज किया है। इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। इसके अलावा अन्य गंभीर धाराएं भी लगाई गई हैं।

आग लगते ही थाईलैंड फरार हुए आरोपी

जांच में सामने आया है कि उत्तरी गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के सह-मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा आग लगने की घटना के तुरंत बाद भारत छोड़कर थाईलैंड के फुकेत भाग गए थे।

गोवा पुलिस ने इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर में दोनों भाइयों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 गैर इरादतन हत्या, धारा 125(ए) और 125(बी) जान जोखिम में डालने और धारा 287 आग या ज्वलनशील पदार्थ से लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं।

इंटरपोल ने जारी किया ब्लू कॉर्नर नोटिस

आरोपियों के विदेश भागने के बाद गोवा पुलिस ने विदेश मंत्रालय और CBI के जरिए इंटरनेशनल क्रिमिनल पुलिस ऑर्गेनाइजेशन यानी Interpol से मदद मांगी थी। इसके बाद इंटरपोल ने लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया।

ब्लू कॉर्नर नोटिस का उद्देश्य आरोपियों की लोकेशन का पता लगाना और उन्हें संबंधित देश की एजेंसियों की मदद से डिपोर्ट कराना होता है। इसी प्रक्रिया के तहत अब दोनों आरोपियों को भारत लाया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस भी जांच में शामिल

लूथरा ब्रदर्स, उनके बिजनेस पार्टनर, मैनेजर और कुछ कर्मचारी दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसी वजह से इस मामले में दिल्ली पुलिस भी जांच में शामिल हो गई है।

दिल्ली में भी इस अग्निकांड को लेकर एक केस दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस गोवा पुलिस के साथ समन्वय में काम कर रही है, ताकि आरोपियों के नेटवर्क, फंडिंग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की भी जांच की जा सके।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि नाइट क्लब के संचालन में किन नियमों का उल्लंघन हुआ और क्या इसमें किसी अन्य की भी भूमिका रही।

पीड़ितों को इंसाफ दिलाने पर सरकार का जोर

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरा सदमा दिया है। इस घटना के बाद राज्य सरकार पर भी सवाल उठे थे। अब सरकार और पुलिस दोनों यह संदेश देना चाहती हैं कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

लूथरा ब्रदर्स की भारत वापसी से पीड़ितों और उनके परिवारों को इंसाफ की उम्मीद जगी है। आने वाले दिनों में पूछताछ और कोर्ट की सुनवाई के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

Leave a comment