मौसम अलर्ट: तीन राज्यों में भारी बारिश और 13 शहरों में छाएगा घना कोहरा, पढ़िए IMD का अपडेट

मौसम अलर्ट: तीन राज्यों में भारी बारिश और 13 शहरों में छाएगा घना कोहरा, पढ़िए IMD का अपडेट

देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 

नई दिल्ली: देश में मौसम लगातार अपना मिजाज बदल रहा है। उत्तर भारत में शीत लहर और घने कोहरे के कारण लोगों की परेशानी बढ़ रही है और कई जगहों पर दुर्घटनाओं की खबरें भी सामने आ रही हैं। दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। इसके साथ ही कुछ राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के लिए अलर्ट भी जारी किया है, जो लोगों के लिए टेंशन का कारण बन सकता है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के कई हिस्सों में घने कोहरे से दृश्यता में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों के लिए कई राज्यों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तर भारत में तीन राज्यों में बारिश का अनुमान, 13 शहरों में घने कोहरे का अलर्ट

तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के कुछ जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्री क्षेत्रों में जाने से बचने की चेतावनी दी है। आम लोगों को भी बारिश के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस बारिश के कारण आसपास के राज्यों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे सर्दी और बढ़ सकती है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा, बरेली और मुजफ्फरनगर में घना कोहरा छाया रहेगा। हरियाणा के गुरुग्राम, पानीपत और सोनीपत में सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। पंजाब के चंडीगढ़ और अमृतसर में भी घने कोहरे की संभावना है। उत्तराखंड के मसूरी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग और चमोली में सुबह के समय धुंध और तेज हवाओं का असर रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

दिल्ली में 18 दिसंबर को मौसम का मिजाज बदलेगा। सुबह से शाम तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर तक आ सकती है, जिससे वाहन चलाते समय अत्यधिक सतर्कता आवश्यक होगी। दिल्ली में AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 200 के पार रहने की संभावना है, जिससे वायु प्रदूषण से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और शीत लहर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। आगरा में ताजमहल धुंध के कारण पूरी तरह दिखाई नहीं दे रहा। अयोध्या, लखनऊ और कानपुर में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 18 दिसंबर को भी यह स्थिति बनी रह सकती है।

बिहार और उत्तराखंड में शीत लहर का प्रभाव

बिहार में पटना, गया, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान, भोजपुर, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, दरभंगा और मधुबनी में घने कोहरे और शीत लहर का असर बढ़ेगा। यहां के लोगों को सुबह के समय सावधान रहने और लंबी दूरी की यात्रा में देरी का सामना करने की संभावना है। उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग और चमोली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। 

न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर सकता है। मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाकों में सड़क यात्रा और बाहरी गतिविधियों में सतर्कता बरतने की चेतावनी दी है।

 

Leave a comment