Pune

Miss World से बनीं बॉलीवुड की हीरोइन: जानिए किसका कैसा रहा फिल्मी करियर

Miss World से बनीं बॉलीवुड की हीरोइन: जानिए किसका कैसा रहा फिल्मी करियर

सौंदर्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर खिताब जीतने वाली ज्यादातर सुंदरियों का सपना होता है कि वे अभिनय की दुनिया में भी अपनी एक खास पहचान बनाएं। ऐसा पहले भी हुआ है और आज भी हो रहा है। 

Miss World Actress Career in Bollywood: कहते हैं फैशन और ग्लैमर वर्ल्ड से फिल्मों का रास्ता ज्यादा लंबा नहीं होता। कई बार सौंदर्य प्रतियोगिताएं जीतने के बाद ग्लैमर वर्ल्ड की सुंदरियां फिल्मी दुनिया में अपना करियर तलाशती हैं। भारत की कई ऐसी अभिनेत्रियां हैं जिन्होंने मिस वर्ल्ड (Miss World) का खिताब अपने नाम किया और इसके बाद बॉलीवुड में कदम रखा। कुछ का करियर चमका, तो कुछ का नाम गुमनामी में खो गया। आइए जानते हैं उन भारतीय अभिनेत्रियों के बारे में, जिन्होंने मिस वर्ल्ड जीतने के बाद फिल्मी दुनिया में एंट्री ली और कैसा रहा उनका सफर।

1. रीता फारिया (Miss World 1966)

रीता फारिया पहली भारतीय और एशियाई मूल की महिला थीं, जिन्होंने साल 1966 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता। हालांकि उन्होंने मॉडलिंग में हाथ आजमाया लेकिन उनका सपना हमेशा डॉक्टर बनने का था। एक साल तक मॉडलिंग करने के बाद उन्होंने अपना पूरा ध्यान मेडिकल करियर पर लगाया और फिल्मी दुनिया से दूर ही रहीं।

2. ऐश्वर्या राय बच्चन (Miss World 1994)

ऐश्वर्या राय ने 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसके बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और अपनी खूबसूरती और एक्टिंग से करोड़ों दिलों पर राज किया। उन्होंने साउथ फिल्म ‘इरुवर’ से डेब्यू किया और फिर ‘और प्यार हो गया’ (1997) से बॉलीवुड में एंट्री ली। ऐश्वर्या आज भी बॉलीवुड की सबसे सम्मानित और ग्लोबल पहचान रखने वाली अदाकारा हैं। वे बच्चन परिवार की बहू और अभिनेता अभिषेक बच्चन की पत्नी हैं।

3. डायना हेडन (Miss World 1997)

साल 1997 में डायना हेडन ने मिस वर्ल्ड का ताज पहना। हालांकि उन्होंने फिल्मों में कोई खास रुचि नहीं दिखाई। वे इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी रहीं और 2008 में ‘बिग बॉस’ जैसे रियलिटी शो में नजर आईं। उनके फिल्मी करियर को कभी रफ्तार नहीं मिल पाई।

4. युक्ता मुखी (Miss World 1999)

युक्ता मुखी ने 1999 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग में हाथ आजमाया। साल 2001 में उन्होंने तमिल फिल्म ‘पूवेल्लम उन वसम’ से डेब्यू किया। 2002 में ‘प्यासा’ से बॉलीवुड में कदम रखा, लेकिन करियर ज्यादा लंबा नहीं चला। 2019 में वे फिल्म ‘गुड न्यूज’ में नजर आईं, लेकिन उनका फिल्मी करियर फीका ही रहा।

5. प्रियंका चोपड़ा (Miss World 2000)

प्रियंका चोपड़ा ने साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता और इसके बाद उन्होंने जो करियर बनाया, वो किसी सपने से कम नहीं। वे न सिर्फ बॉलीवुड की देसी गर्ल बनीं, बल्कि हॉलीवुड तक में अपनी पहचान बना चुकी हैं। आज प्रियंका का नाम इंटरनेशनल स्टार्स में गिना जाता है। वे निक जोनस से शादी के बाद विदेश में सेटल हो चुकी हैं, लेकिन उनका करियर अभी भी बुलंदियों पर है।

6. मानुषी छिल्लर (Miss World 2017)

साल 2017 में मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम किया। साल 2022 में उन्होंने अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ से बॉलीवुड डेब्यू किया, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। इसके बाद ‘द ग्रेट इंडियन फैमिली’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ में नजर आईं, लेकिन दोनों फिल्में भी नहीं चलीं। फिलहाल वे राजकुमार राव के साथ ‘मालिक’ में नजर आ रही हैं, लेकिन यह फिल्म भी औसत प्रदर्शन कर रही है। मानुषी का फिल्मी सफर अब तक संघर्षपूर्ण रहा है।

Miss Universe बनीं भारतीय अभिनेत्रियों का फिल्मी करियर

सुष्मिता सेन (Miss Universe 1994): साल 1994 में सुष्मिता सेन मिस यूनिवर्स बनीं। उन्होंने बॉलीवुड में कई हिट फिल्में दीं और आज भी उनकी गिनती बेहतरीन अभिनेत्रियों में होती है। हाल ही में वे वेब सीरीज ‘आर्या’ के जरिए फिर चर्चा में आईं।

लारा दत्ता (Miss Universe 2000): साल 2000 में लारा दत्ता मिस यूनिवर्स बनीं। उन्होंने बॉलीवुड में भी अपनी जगह बनाई। ‘नो एंट्री’, ‘हाउसफुल’ जैसी फिल्मों से वे पहचानी गईं। हालांकि अब वे फिल्मों से दूर हैं और महेश भूपति से शादी के बाद पारिवारिक जीवन जी रही हैं।

हरनाज कौर संधू (Miss Universe 2021): हरनाज संधू ने 2021 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीता। फिलहाल वे पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और जल्द ही फिल्म ‘बागी 4’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं।

Leave a comment