ममता कुलकर्णी ने दाऊद इब्राहिम पर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी दाऊद नहीं, बल्कि अपने पूर्व पति विक्की गोस्वामी के लिए थी, जो किसी भी आतंकी या बम ब्लास्ट गतिविधि में शामिल नहीं थे।
गोरखपुर: पूर्व बॉलीवुड अभिनेत्री और अब किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनीं ममता कुलकर्णी उर्फ यमई ममता नंद गिरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने एक कार्यक्रम में दिए अपने बयान पर उठे विवाद पर सफाई दी है। ममता का कहना है कि उन्होंने दाऊद इब्राहिम नहीं, बल्कि अपने पूर्व पति विक्की गोस्वामी के संदर्भ में बयान दिया था। उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाया कि उनके कथनों को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर भ्रम फैलाया गया है।
ममता कुलकर्णी ने बयान पर दी सफाई
गोरखपुर में हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान ममता कुलकर्णी से जब पत्रकारों ने दाऊद इब्राहिम से उनके संबंधों पर सवाल किया, तो उन्होंने कहा था, “वह आतंकी नहीं है, उसने कोई ब्लास्ट नहीं किया।” इस बयान के बाद मीडिया में यह बात तेजी से फैली कि ममता ने दाऊद इब्राहिम का बचाव किया है।
हालांकि अब उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि यह बयान दाऊद के लिए नहीं था, बल्कि उनके पूर्व पति विक्की गोस्वामी के लिए था। उन्होंने कहा, “मैंने केवल इतना कहा था कि जिससे मेरा संबंध रहा, वह देश विरोधी नहीं है, उसने कोई बम ब्लास्ट नहीं कराया। मीडिया ने मेरी बात को आधा सुनकर गलत व्यक्ति से जोड़ दिया।”
दाऊद से जुड़ा सवाल गलत समझा गया
![]()
ममता कुलकर्णी ने फोन और मैसेज के माध्यम से बात करते हुए कहा कि उन्होंने कभी दाऊद इब्राहिम से मुलाकात नहीं की। “मुझे सवाल दाऊद से जुड़ा पूछा गया था, लेकिन मैंने कहा था कि मैं दाऊद को नहीं जानती। मैंने केवल विक्की के बारे में कहा कि वह किसी आतंकी गतिविधि में शामिल नहीं रहा। मीडिया ने इसे दाऊद से जोड़कर गलत अर्थ निकाला।”
ममता ने आगे कहा कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश करना गैर-जिम्मेदाराना पत्रकारिता है। उन्होंने दोहराया कि उनके शब्दों को सही संदर्भ में समझा जाना चाहिए।
विक्की गोस्वामी से रिश्तों पर फिर चर्चा
ममता कुलकर्णी ने अंडरवर्ल्ड में कुख्यात ड्रग्स स्मगलर विक्की गोस्वामी से शादी की थी। हालांकि, जब विक्की को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़े ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया, तो ममता भारत लौट आईं। उस वक्त उन्होंने अपने संबंधों को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया था बाद में, अध्यात्म की राह पकड़ते हुए ममता महाकुंभ के दौरान किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बन गईं।
मीडिया से संयम बरतने की अपील
ममता कुलकर्णी ने मीडिया से अपील की है कि वे अधूरी जानकारी के आधार पर समाचार न फैलाएं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन अब अध्यात्म को समर्पित है, और वह समाज में शांति और सेवा का संदेश देना चाहती हैं।
उन्होंने कहा, “मैं अब किसी विवाद का हिस्सा नहीं बनना चाहती। मेरी बातों को गलत संदर्भ में पेश कर मुझे बदनाम न किया जाए। मैं केवल सच कहना चाहती हूं।”










