मुरैना: बुजुर्ग की मौत पर सवाल, CCTV में दो कारों से कुचलते पूरी घटना कैद

मुरैना में बुजुर्ग मुन्ना शर्मा की मौत का CCTV फुटेज सामने आया। दो कारों से कुचलने की पुष्टि, परिजन इसे हत्या मान रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
मुरैना: बुजुर्ग की मौत पर सवाल, CCTV में दो कारों से कुचलते पूरी घटना कैद
Photo Credit / Attribution: AI IMAGE

मुरैना में बुजुर्ग की मौत को लेकर नया मोड़ आ गया है। 7 दिन बाद मिले CCTV फुटेज में दो कारों द्वारा कुचलने की पुष्टि हुई है। परिजन इसे हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस जांच में जुटी है।

Madhya Pradesh: मुरैना शहर में 22 जनवरी को हुई 65 वर्षीय बुजुर्ग मुन्ना शर्मा की मौत को पहले सामान्य सड़क हादसा माना गया था। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे एक्सीडेंट मानते हुए मर्ग कायम किया था। लेकिन अब घटना के 7 दिन बाद सामने आए CCTV फुटेज ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है। वीडियो में जो दृश्य दिखे हैं, उन्होंने परिजनों के उस शक को मजबूत कर दिया है, जिसमें वे इसे सुनियोजित हत्या बता रहे थे।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। CCTV फुटेज के अनुसार, मुन्ना शर्मा अपने घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बालाजी पैलेस मैरिज गार्डन रोड पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक सफेद स्कॉर्पियो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार लहराते हुए आगे बढ़ी और बुजुर्ग को कुचलते हुए निकल गई। इससे मुन्ना शर्मा सड़क पर गिर पड़े।

करीब 10 सेकंड बाद पीछे से एक और सफेद रंग की स्विफ्ट कार आई, जिसने सड़क पर गिरे बुजुर्ग को दोबारा कुचल दिया। दूसरी टक्कर के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। CCTV में दोनों वाहन बिना रुके आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं।

परिजनों का आरोप

मृतक के परिजन शुरू से ही इस घटना को हादसा मानने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि जिस तरह दो गाड़ियों ने एक के बाद एक बुजुर्ग को कुचला, वह सामान्य दुर्घटना नहीं हो सकती। परिजनों ने आसपास लगे CCTV कैमरों की खुद तलाश की और कई दिनों की मेहनत के बाद एक फुटेज जुटाया, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड मिली।

मृतक के बेटे नीलेंद्र शर्मा का कहना है कि उनके पिता को जानबूझकर निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक साजिश के तहत की गई हत्या है और इसमें शामिल लोगों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

ब्याज के काम से जुड़ी रंजिश की आशंका

परिजनों ने यह भी बताया कि मुन्ना शर्मा लंबे समय से बोहरगत ब्याज का काम करते थे। इस काम के लिए उनके पास वैध लाइसेंस भी था। परिवार को आशंका है कि किसी व्यक्ति से पैसों को लेकर विवाद या रंजिश चल रही थी, जिसके चलते यह वारदात करवाई गई। हालांकि अभी तक किसी का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन परिजन इस एंगल से गहन जांच की मांग कर रहे हैं।

जांच के बाद होगा खुलासा

कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि 22 जनवरी को सड़क हादसे की सूचना मिलने पर मर्ग कायम किया गया था। अब परिजनों द्वारा सौंपे गए CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में पीछे से टक्कर मारने की बात स्पष्ट नजर आ रही है और प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है।

टीआई के मुताबिक, वीडियो के आधार पर एक संदेही की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे बुलाकर पूछताछ की जाएगी और फरियादी के बयान भी लिए जाएंगे। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment