देशभर के कई राज्यों में शीतलहर का कहर जारी है। वहीं, भारत मौसम विभाग (IMD) ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों को लेकर आठ राज्यों में झमाझम बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।
Weather Forecast: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। विशेष तौर पर उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर समेत कुल आठ राज्यों में मौसम अस्थिर रहने वाला है। राजधानी दिल्ली में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
IMD का अलर्ट: पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम अस्थिर
मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण उत्तर-पश्चिमी भारत और हिमालयी क्षेत्र में अगले 24 से 48 घंटों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है। अलर्ट राज्यों की सूची:
- हिमाचल प्रदेश
- उत्तराखंड
- जम्मू-कश्मीर
- लद्दाख
- पंजाब
- हरियाणा
- उत्तर प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी)
- राजस्थान
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी हल्की बारिश के आसार हैं।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर का दौर जारी है। IMD के अनुसार, अगले तीन दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। सुबह के समय कई जगहों पर कोहरा और घना कोहरा देखने को मिल सकता है। 31 जनवरी को रात के समय गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हवाओं की गति 30-40 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद मौसम ठंडा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 और 2 फरवरी को, और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 फरवरी को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में घना कोहरा भी रहेगा।
राजस्थान, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर का मौसम
राजस्थान 31 जनवरी से 1 फरवरी तक गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में ओवावृष्टि (hailstorm) के भी आसार हैं। तेज हवाओं की गति 30-40 किमी/घंटा तक और कुछ स्थानों पर 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। बिहार राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन सुबह और शाम घना कोहरा रहेगा। न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का अलर्ट है। इससे ठंड में और बढ़ोतरी होगी। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। अगले दिनों भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है। तापमान 0 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है। पर्यटकों के लिए यह मौसम खुशनुमा है, जबकि स्थानीय लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।










