देश में नए साल के स्वागत से पहले मौसम ने उत्तर भारत और दक्षिणी राज्यों में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। 31 दिसंबर से दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कश्मीर और हरियाणा में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके चलते तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ सकती है।
Weather Update: देश में नए साल का स्वागत होने वाला है, लेकिन मौसम विभाग ने इसके पहले ही चेतावनी जारी कर दी है। नए साल से एक दिन पहले यानी 31 दिसंबर से देश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। इन बारिशों के बाद कई राज्यों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है।
लोगों से इस दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है। वहीं 15 से अधिक प्रमुख शहरों में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे नए साल पर घर से निकलना मुश्किल हो सकता है।
उत्तर भारत के 5 राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने 31 दिसंबर की शाम से उत्तर भारत के पांच राज्यों में मौसम खराब होने की चेतावनी दी है। दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कश्मीर और हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में बारिश के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नागरिक इस दौरान बाहर निकलते समय सावधान रहें और मौसम अपडेट चेक करते रहें।
दक्षिणी राज्यों में तमिलनाडु के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इनमें तिरुवरूर, नागपट्टिनम, तंजावुर, मायिलादुथुराई और पुदुकोट्टई जिले शामिल हैं। मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है और समुद्र किनारे जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा
दिल्ली में 30 दिसंबर की शाम से बादल छाने की संभावना है और 31 दिसंबर से हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है। बारिश के चलते ठंड और बढ़ेगी। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक शहरों में 30 दिसंबर से घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगा।
लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, आगरा, कासगंज, मैनपुरी, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा आदि शहरों में दृश्यता कम हो सकती है। यात्रा करने वाले नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बिहार और झारखंड में मौसम का हाल
बिहार में पटना, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सिवान, गोपालगंज, छपरा, जहानाबाद में घने कोहरे का अलर्ट जारी है। मुजफ्फरपुर, वैशाली, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में दृश्यता 50 मीटर से कम रह सकती है। सीमांचल के पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज में तापमान में 3-4 डिग्री की कमी आएगी। झारखंड में रांची, गुमला, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, हजारीबाग, चतरा और कोडरमा में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में 31 दिसंबर की रात मनाली में भारी बर्फबारी की संभावना है। शिमला में नए साल पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
पंजाब के फरीदकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, पठानकोट और बठिंडा में घना कोहरा छाया रहेगा। अमृतसर में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में मौसम
राजस्थान के बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनू और आसपास के इलाकों में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को हल्की बारिश का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय रहेगा। मध्य प्रदेश में भोपाल, रीवा, शहडोल, सीहोर में शीतलहर की चेतावनी है। तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट और सुबह 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा चलने की संभावना है।











