नीट यूजी 2026 में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG 2026 काउंसलिंग के राउंड 2 का शेड्यूल जारी कर दिया है।
NEET UG Counselling Round 2: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG 2026 काउंसलिंग के दूसरे राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। राउंड 2 की प्रक्रिया 3 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इस चरण में ऑल इंडिया कोटा (AIQ), डीम्ड यूनिवर्सिटीज और सेंट्रल यूनिवर्सिटीज की उपलब्ध मेडिकल सीटों के लिए उम्मीदवार हिस्सा ले सकेंगे। MCC के शेड्यूल के अनुसार सीट अलॉटमेंट का परिणाम 11 सितंबर 2026 को जारी किया जाएगा।
NEET UG 2026 में शामिल उम्मीदवारों के लिए राउंड 2 महत्वपूर्ण चरण है। जिन अभ्यर्थियों को पहले राउंड में सीट नहीं मिल पाई है, वे पात्रता नियमों के अनुसार दूसरे राउंड में भाग ले सकते हैं। वहीं, राउंड 1 में सीट प्राप्त करने वाले कुछ उम्मीदवार भी अपनी सीट अपग्रेड कराने के लिए राउंड 2 की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
3 सितंबर से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
MCC के मुताबिक, AIQ, डीम्ड यूनिवर्सिटी और सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सीटों के लिए राउंड 2 रजिस्ट्रेशन और फीस पेमेंट 3 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा। 8 सितंबर को फीस भुगतान की सुविधा शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद उम्मीदवारों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स के लिए चॉइस फिलिंग करनी होगी।
चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 3 सितंबर से 9 सितंबर तक चलेगी। उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्राथमिकताएं सावधानी से दर्ज करनी होंगी, क्योंकि सीट अलॉटमेंट इसी आधार पर किया जाएगा।
11 सितंबर को जारी होगा सीट अलॉटमेंट रिजल्ट
![]()
MCC 9 और 10 सितंबर को सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी करेगा। इसके बाद 11 सितंबर को NEET UG Counselling Round 2 Seat Allotment Result 2026 जारी किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 12 से 18 सितंबर के बीच संबंधित संस्थान में रिपोर्ट कर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद 19 सितंबर को ज्वाइन कर चुके उम्मीदवारों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों का वेरिफिकेशन किया जाएगा।
स्टेट काउंसलिंग का भी रहेगा अहम रोल
MCC ने केंद्रीय काउंसलिंग के साथ राज्य स्तर की राउंड 2 काउंसलिंग के लिए भी टाइमलाइन जारी की है। स्टेट काउंसलिंग की प्रक्रिया 7 से 11 सितंबर 2026 के बीच चलेगी। राज्य स्तर पर मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश से जुड़ी प्रक्रियाएं संबंधित राज्य की काउंसलिंग अथॉरिटी द्वारा पूरी की जाएंगी। राज्य और MCC दोनों स्तर की काउंसलिंग से सीट प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉलेज में प्रवेश लेना होगा।
उम्मीदवारों को अपने राज्य की आधिकारिक काउंसलिंग अथॉरिटी की वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों को भी नियमित रूप से देखना चाहिए, क्योंकि दस्तावेज, फीस और रिपोर्टिंग से जुड़े निर्देश अलग हो सकते हैं।
किन उम्मीदवारों को राउंड 2 में मिलेगा मौका?
राउंड 1 में सीट नहीं पाने वाले उम्मीदवार पात्रता नियमों के अनुसार राउंड 2 में हिस्सा ले सकते हैं। इसके अलावा जिन उम्मीदवारों को राउंड 1 में सीट मिली थी और उन्होंने फ्लोट विकल्प चुना था, वे बेहतर सीट मिलने की संभावना के लिए राउंड 2 में अपग्रेडेशन प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं। वहीं, जिन उम्मीदवारों ने फ्रीज विकल्प चुना है, उनकी पहले राउंड की सीट बरकरार रहेगी और उन्हें राउंड 2 में सीट अपग्रेडेशन के लिए नहीं माना जाएगा।









