सिंगर नेहा कक्कड़ ने अपने काम से एक ब्रेक लेने का फैसला किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर इस ब्रेक की घोषणा की और मीडिया व पैपराजी से अनुरोध किया है कि इस दौरान कोई भी उन्हें क्लिक न करें।
Neha Kakkar Break Announcement: बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई नया गाना या शो नहीं, बल्कि उनका चौंकाने वाला फैसला है। नेहा कक्कड़ ने सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया है कि वह जिम्मेदारियों, रिश्तों, काम और लाइमलाइट से ब्रेक ले रही हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह दोबारा लौटेंगी या नहीं। उनके इस पोस्ट ने फैंस को हैरान और चिंतित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर किया ब्रेक का ऐलान
नेहा कक्कड़ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक इमोशनल मैसेज शेयर करते हुए लिखा कि अब उनके लिए हर चीज से ब्रेक लेना जरूरी हो गया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह कुछ समय के लिए जिम्मेदारियों, रिश्तों और प्रोफेशनल कमिटमेंट्स से दूर रहना चाहती हैं। नेहा ने लिखा, अब जिम्मेदारी, रिश्तों, काम और बाकी सब चीजों से ब्रेक लेने का समय आ गया है। मुझे नहीं पता कि मैं लौटूंगी या नहीं। थैंक यू।
अपने पोस्ट में नेहा कक्कड़ ने मीडिया और पैपराजी से भी खास अपील की। उन्होंने अनुरोध किया कि इस दौरान कोई भी उनकी तस्वीरें क्लिक न करे। नेहा ने लिखा कि वह अपनी प्राइवेसी और मानसिक शांति चाहती हैं। उन्होंने कहा, मैं पैपराजी और फैंस से रिक्वेस्ट करती हूं कि बिल्कुल भी मेरी फोटोज क्लिक न करें। मेरी प्राइवेसी की रिस्पेक्ट करें और मुझे इस दुनिया में आज़ादी से जीने दें। कोई कैमरा नहीं, प्लीज। मेरी शांति के लिए आप ये कम से कम मुझे दे सकते हैं।

ब्रेक की वजह पर सस्पेंस
नेहा कक्कड़ ने फिलहाल यह साफ नहीं किया है कि उन्होंने यह ब्रेक किस वजह से लिया है। न ही उन्होंने यह बताया कि यह ब्रेक कितने समय का होगा। “पता नहीं लौटूंगी या नहीं” जैसे शब्दों ने फैंस की चिंता और बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर लोग उनके मानसिक और भावनात्मक हालात को लेकर कयास लगा रहे हैं।
गौरतलब है कि नेहा कक्कड़ हाल के महीनों में काफी ट्रोलिंग का सामना कर चुकी हैं। कुछ समय पहले उनका गाना ‘कैंडी शॉप’ रिलीज हुआ था, जिसे उनके भाई टोनी कक्कड़ ने कंपोज किया था। इस गाने में नेहा के डांस स्टेप्स और म्यूजिक स्टाइल को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर आलोचना झेलनी पड़ी थी।
नेहा अक्सर ट्रोलिंग को लेकर भावुक भी नजर आई हैं और पहले भी वह इस बारे में खुलकर बात कर चुकी हैं। माना जा रहा है कि लगातार आलोचना और दबाव भी उनके ब्रेक के फैसले की एक वजह हो सकता है।
भाई-बहन के रिश्तों को लेकर भी रही चर्चा
नेहा कक्कड़ की पर्सनल लाइफ भी पिछले कुछ समय से चर्चा में रही है। साल 2025 में उनकी बहन सोनू कक्कड़ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह ऐलान किया था कि वह नेहा और टोनी कक्कड़ से अपने रिश्ते तोड़ रही हैं। इस पोस्ट ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, कुछ समय बाद सोनू कक्कड़ ने नेहा और टोनी के साथ तस्वीरें शेयर की थीं, जिससे यह संकेत मिला कि परिवार में सब कुछ सामान्य हो गया है। फिर भी, इस घटनाक्रम ने नेहा की निजी जिंदगी को सुर्खियों में ला दिया था।













