JEECUP 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया चालू है। न्यूनतम आयु 14 वर्ष तय की गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 है, जबकि परीक्षा 15 से 22 मई 2026 के बीच CBT मोड में होगी।
JEECUP 2026: क्या है परीक्षा का महत्व
JEECUP यानी जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन काउंसिल उत्तर प्रदेश हर साल राज्य के सरकारी और निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए यह प्रवेश परीक्षा आयोजित करता है। JEECUP 2026 के जरिए इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और अन्य तकनीकी कोर्सों में प्रवेश दिया जाएगा। इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए आवेदन से जुड़ी सभी शर्तों को जानना बेहद जरूरी है।
JEECUP 2026 आयु सीमा और पात्रता
आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, JEECUP 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 14 वर्ष होनी चाहिए। इसका मतलब है कि 1 जुलाई 2026 तक अभ्यर्थी की उम्र 14 साल से कम नहीं होनी चाहिए। वहीं, ग्रुप I के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 16 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु सीमा के अलावा शैक्षणिक योग्यता और विषय से जुड़ी विस्तृत जानकारी उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। आवेदन करने से पहले पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।
JEECUP 2026 के लिए आवेदन कैसे करें

JEECUP 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके आवेदन कर सकते हैं-
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर JEECUP 2026 आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद नए उम्मीदवार खुद को रजिस्टर करें।
- रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरें।
- सभी जरूरी जानकारी और दस्तावेज अपलोड करें।
- निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म जमा करें।
- आगे की जरूरत के लिए फॉर्म की एक प्रति प्रिंट कर लें।
आवेदन शुल्क और परीक्षा तारीख
JEECUP 2026 के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार तय किया गया है। जनरल और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं SC और ST वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या UPI के माध्यम से किया जा सकता है।
परीक्षा की बात करें तो JEECUP 2026 परीक्षा का आयोजन 15 मई 2026 से 22 मई 2026 के बीच किया जाएगा। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।











