नया Aadhaar App रिव्यू: ज्यादा सुरक्षित, ज्यादा स्मार्ट, जानिए हमारा अनुभव

नया Aadhaar App रिव्यू: ज्यादा सुरक्षित, ज्यादा स्मार्ट, जानिए हमारा अनुभव

UIDAI का नया Aadhaar App पुराने mAadhaar से ज्यादा सुरक्षित और उपयोगी है। इसमें मल्टी-प्रोफाइल, बायोमैट्रिक लॉक, घर बैठे अपडेट और सेलेक्टिव डेटा शेयरिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जिससे डिजिटल आधार का इस्तेमाल पहले से कहीं आसान हो गया है।

नया Aadhaar App क्या है और क्यों है खास?

UIDAI और MeitY ने मिलकर नया Aadhaar App तैयार किया है, जिसे डिजिटल पहचान को ज्यादा सुरक्षित और आसान बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। यह ऐप पुराने mAadhaar से पूरी तरह अलग है और इसमें कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं।

इस ऐप का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब कई आधार से जुड़े काम घर बैठे किए जा सकते हैं। मोबाइल नंबर अपडेट करना, पता बदलना या बायोमैट्रिक लॉक करना-इन सभी कामों के लिए अब आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह ऐप फिजिकल आधार कार्ड को साथ रखने की मजबूरी भी खत्म कर देता है।

डाउनलोड, साइज और सिस्टम की जानकारी

नया Aadhaar App गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। गूगल प्ले स्टोर पर इसे 50 लाख से ज्यादा यूजर्स डाउनलोड कर चुके हैं और इसे 4.1 स्टार की रेटिंग मिली है। एंड्रॉयड यूजर्स के लिए ऐप का साइज 59MB से 98MB के बीच है और यह Android 10 या उससे ऊपर के फोन में काम करता है।

वहीं, एप्पल ऐप स्टोर पर इसकी रेटिंग 2.7 स्टार है। iOS वर्जन का साइज करीब 180MB है और इसे iOS 15 या उससे ऊपर वाले iPhone में इस्तेमाल किया जा सकता है।

ऐप कैसे करें इस्तेमाल?

ऐप इंस्टॉल करने के बाद सबसे पहले जरूरी परमिशन देनी होती है। इसके बाद ऐप सिक्योरिटी के लिए एक पिन सेट करने को कहता है।
पिन सेट करने के बाद आपको आधार नंबर या आधार से लिंक मोबाइल नंबर डालना होगा। 

इसके बाद सिम और नेटवर्क वेरिफिकेशन के साथ फेस वेरिफिकेशन होता है। सभी स्टेप पूरे होने के बाद आप ऐप के अंदर एंटर कर पाते हैं। यह ऐप सिम-बाइंडिंग फीचर के साथ आता है, यानी जिस नंबर से आधार लिंक है, उसी सिम से ऐप रजिस्टर होगा।

खूबियां और mAadhaar से कैसे है अलग?

नए Aadhaar App में एक ही मोबाइल नंबर से 5 अलग-अलग आधार प्रोफाइल जोड़ने की सुविधा मिलती है। यानी आप अपने परिवार के सदस्यों के आधार भी मैनेज कर सकते हैं। इस ऐप से मोबाइल नंबर और पता अपडेट किया जा सकता है। एक क्लिक में बायोमैट्रिक लॉक और अनलॉक करने की सुविधा मिलती है। यह ऐप यह भी दिखाता है कि आपका आधार कब और कहां इस्तेमाल हुआ। सबसे खास फीचर है Selective Data Sharing, जिसमें आप केवल जरूरी जानकारी ही शेयर कर सकते हैं।

पूरा आधार डेटा किसी के साथ शेयर करने की जरूरत नहीं होती।QR बेस्ड वेरिफिकेशन, e-Aadhaar डाउनलोड, ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री चेक, कॉन्टैक्ट कार्ड शेयरिंग और 13 भारतीय भाषाओं का सपोर्ट भी इसमें मिलता है। mAadhaar जहां बेसिक सुविधाओं तक सीमित था, वहीं नया ऐप प्राइवेसी-फर्स्ट और एडवांस सिक्योरिटी के साथ आता है। भविष्य में इसमें नाम और ई-मेल अपडेट जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।

Leave a comment