आज दशहरा के मौके पर साउथ की पहली महिला सुपरस्टार मानी जाने वाली नयनतारा ने अपनी नई फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया। नयनतारा की आगामी फिल्म ‘महाशक्ति’ (मुक्ति अम्मन 2) से उनकी पहली झलक सामने आई है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: साउथ की सुपरस्टार नयनतारा अपने फैंस के लिए एक खास तोहफा लेकर आ रही हैं। दशहरा के मौके पर अभिनेत्री ने अपनी नई फिल्म ‘महाशक्ति’ (मुक्ति अम्मन 2) का फर्स्ट लुक जारी किया। इस फर्स्ट लुक में नयनतारा देवी मां के अवतार में नजर आ रही हैं, जो उनके फैंस के बीच उत्सुकता और रोमांच को बढ़ा रहा है।
नयनतारा ने फिल्म का फर्स्ट लुक इंस्टाग्राम पर साझा किया। पोस्टर में अलग-अलग भाषाओं में फिल्म के नाम को दिखाया गया है। हिंदी में यह फिल्म ‘महाशक्ति’ के नाम से रिलीज होगी। पोस्टर शेयर करते हुए नयनतारा ने लिखा, उसकी दिव्य कृपा बनी रहे। सुंदर सी नई फिल्म लेकर आ रहे हैं। साथ ही मेकर्स ने दशहरा की शुभकामनाएं भी दी हैं। यह फिल्म उनके वर्कफ्रंट पर एक नई शुरुआत साबित होने जा रही है।
फर्स्ट लुक में नयनतारा का अवतार
फर्स्ट लुक में नयनतारा को देवी मां के रूप में पेश किया गया है। उनके सिर पर मुकुट और हाथों में त्रिशूल हैं। हरे रंग की साड़ी में सजी नयनतारा गंभीर और निर्विकार भाव में नजर आ रही हैं। पोस्टर में उनके दाएं-बाएं कई छोटी देवी मूर्तियां रखी गई हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि वह किसी मंदिर के पास बैठी हैं।
फिल्म का यह पोस्टर दर्शाता है कि नयनतारा इस बार शक्ति और भक्ति का संगम दिखाने जा रही हैं। हालांकि, अभी फिल्म की रिलीज डेट और बाकी कास्ट के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वर्कफ्रंट की बात करें तो नयनतारा आखिरी बार नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘द टेस्ट’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ आर. माधवन और सिद्धार्थ ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। इसके अलावा उनकी फिल्म ‘रक्कई’ इसी साल दिसंबर में रिलीज होने वाली है।
बॉलीवुड में भी नयनतारा ने अपने कदम बढ़ाए हैं। वह शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ से बॉलीवुड में डेब्यू कर चुकी हैं। इस फिल्म में उनके साथ बड़े स्टार्स की मौजूदगी ने उनके फैंस में उत्साह और बढ़ा दिया है।