98वें एकेडमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर) के नॉमिनेशन की सूची जारी कर दी गई। इस साल ऑस्कर रेस में जहां धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म ‘होमबाउंड’ बेस्ट फीचर फिल्म कैटेगरी में जगह बनाने से चूक गई, वहीं अमेरिकी हॉरर फिल्म ‘सिनर्स’ ने 16 अलग-अलग कैटेगरी में नॉमिनेशन हासिल कर इतिहास रच दिया।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: Oscar 2026 Nominations List आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है और इसके साथ ही दुनिया भर के सिनेप्रेमियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। 22 जनवरी 2026 को घोषित हुई 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स की नॉमिनेशन लिस्ट में जहां कुछ फिल्मों ने रिकॉर्ड बनाकर सबका ध्यान खींचा, वहीं कई चर्चित फिल्मों और कलाकारों को नॉमिनेशन न मिलने से फैंस निराश नजर आए।
इस साल का सबसे बड़ा नाम बनकर उभरी है सुपरनैचुरल हॉरर ड्रामा फिल्म ‘Sinners’, जिसे अलग-अलग 16 कैटेगरी में नॉमिनेशन मिले हैं। वहीं, कुछ बहुप्रतीक्षित फिल्मों का ऑस्कर की रेस से बाहर होना सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है।
‘Sinners’ ने रचा इतिहास

साल 2025 में रिलीज हुई अमेरिकी सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘Sinners’ का निर्देशन रयान कूगलर ने किया है। फिल्म में माइकल बी. जॉर्डन ने ट्विन ब्रदर्स का डबल रोल निभाया है, जिसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों से जबरदस्त सराहना मिली। ऑस्कर 2026 में फिल्म को बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर-एक्ट्रेस और बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले सहित कुल 16 नॉमिनेशन मिले हैं।
खास बात यह रही कि 73 वर्षीय अभिनेता डेलरॉय लिंडो को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया, जो उनके करियर का पहला ऑस्कर नॉमिनेशन है।
‘Wicked: For Good’ का बाहर होना बना सरप्राइज
एरियाना ग्रांडे और सिंथिया एरिवो स्टारर म्यूजिकल फैंटेसी फिल्म ‘Wicked: For Good’ को Oscar 2026 के नॉमिनेशन में जगह नहीं मिली, जिससे फैंस चौंक गए। इसका पहला पार्ट 2024 में रिलीज होकर 10 ऑस्कर नॉमिनेशन हासिल कर चुका था। ऐसे में इसके सीक्वल के पूरी तरह बाहर रहने को बड़ा झटका माना जा रहा है।
‘Song Sung Blue’ को मिला सीमित सम्मान
अमेरिकी बायोग्राफिकल म्यूजिकल ड्रामा फिल्म ‘Song Sung Blue’ को एक ही नॉमिनेशन मिला है। अभिनेत्री केट हडसन को बेस्ट एक्ट्रेस इन लीडिंग रोल के लिए नॉमिनेट किया गया है। यह उनके 25 साल के करियर का दूसरा ऑस्कर नॉमिनेशन है। फिल्म की कहानी मशहूर सिंगर नील डायमंड के ट्रिब्यूट बैंड पर आधारित है।
‘Hamnet’ को 8 नॉमिनेशन, लेकिन पॉल मेस्कल बाहर
फिल्म ‘Hamnet’ को ऑस्कर 2026 में कुल 8 नॉमिनेशन मिले हैं। इसमें बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर (क्लो झाओ) और बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस (जेसी बकले) जैसी अहम कैटेगरी शामिल हैं। हालांकि, शेक्सपियर का किरदार निभाने वाले पॉल मेस्कल को बेस्ट एक्टर कैटेगरी में नॉमिनेशन न मिलने से उनके फैंस खासे निराश हैं।

‘Sentimental Value’ से एले फैनिंग का ऑस्कर डेब्यू
जोआचिम ट्रियर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘Sentimental Value’ ने ऑस्कर 2026 में 9 नॉमिनेशन हासिल किए हैं। अभिनेत्री एले फैनिंग को अपने करियर का पहला ऑस्कर नॉमिनेशन मिला है। फिल्म पहले ही कान फिल्म फेस्टिवल 2025 में चर्चा बटोर चुकी थी।
‘One Battle After Another’ को 13 नॉमिनेशन
फिल्म ‘One Battle After Another’ ने कुल 13 नॉमिनेशन हासिल किए हैं, लेकिन इसके बावजूद अभिनेता चेस इनफिनिटी को एक भी नॉमिनेशन न मिलने पर फैंस नाराज़ हैं। सोशल मीडिया पर इसे “सबसे बड़ा स्नब” बताया जा रहा है।
कब और कहां होंगे Oscar 2026 Awards
98वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 16 मार्च 2026 को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में होगा। इस बार शो की मेजबानी कॉमेडियन कोनन ओ’ब्रायन करेंगे। भारतीय दर्शक इस समारोह को Jio Hotstar पर लाइव देख सकेंगे।












