यूरोप में Computer Science की पढ़ाई के लिए Oxford University को सबसे बेहतर संस्थान माना जाता है। यहां एडमिशन काफी प्रतिस्पर्धी है और विदेशी छात्रों के लिए फीस भी काफी अधिक है, हालांकि स्कॉलरशिप के विकल्प उपलब्ध हैं।
Computer Science in Europe: यूरोप में Computer Science की पढ़ाई करने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के बीच Oxford University सबसे लोकप्रिय विकल्पों में शामिल है। QS World University Rankings के मुताबिक, यह संस्थान CS शिक्षा के लिए यूरोप में शीर्ष स्थान पर है। मजबूत अकादमिक सिस्टम, रिसर्च फोकस और ग्लोबल पहचान की वजह से हर साल बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय छात्र यहां आवेदन करते हैं।
Computer Science के लिए Oxford क्यों माना जाता है खास?
ब्रिटेन स्थित Oxford University का Computer Science Department अपने मजबूत अकादमिक ढांचे और रिसर्च-आधारित पढ़ाई के लिए जाना जाता है। यहां कोर्स सिर्फ प्रोग्रामिंग तक सीमित नहीं रहता, बल्कि मैथ्स, लॉजिक और कंप्यूटिंग सिस्टम की गहरी समझ पर भी फोकस किया जाता है।

यूनिवर्सिटी का मानना है कि किसी भी कंप्यूटिंग सिस्टम को सही तरीके से समझने और विकसित करने के लिए गणित की मजबूत पकड़ जरूरी है। यही वजह है कि यहां पढ़ाई के दौरान टेक्निकल स्किल्स के साथ समस्या समाधान और सिस्टम डिजाइनिंग पर भी ध्यान दिया जाता है।
एडमिशन प्रक्रिया आसान नहीं
Oxford University में Computer Science कोर्स में एडमिशन पाना काफी चुनौतीपूर्ण माना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कोर्स का acceptance rate करीब 7 प्रतिशत है। हर साल सीमित सीटों पर ही छात्रों का चयन किया जाता है।
यहां BA in Computer Science कोर्स की अवधि 3 से 4 साल की होती है। एडमिशन के लिए Mathematics सबसे महत्वपूर्ण विषय माना जाता है। यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार, हाल के वर्षों में चयनित अधिकांश छात्रों के पास Further Mathematics का बैकग्राउंड था।
इसके अलावा छात्रों को TMUA यानी Test of Mathematics for University Admission भी देना होता है। यह परीक्षा छात्रों की गणितीय और लॉजिकल क्षमता को जांचने के लिए आयोजित की जाती है।
भारतीय छात्रों के लिए कितनी है फीस?
Oxford University में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए ट्यूशन फीस काफी अधिक है। विदेशी छात्रों को Computer Science कोर्स के लिए सालाना लगभग 62,820 पाउंड फीस देनी पड़ती है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 81 लाख रुपये के बराबर है।
पूरा कोर्स 3 से 4 साल का होने के कारण कुल ट्यूशन खर्च लगभग 3 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच सकता है। इसमें रहने, खाने और अन्य दैनिक खर्च शामिल नहीं होते। यही वजह है कि यहां पढ़ाई की योजना बनाने से पहले छात्रों को अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग मजबूत करनी होती है।
स्कॉलरशिप से कम हो सकता है खर्च
हालांकि, Oxford University कई स्कॉलरशिप प्रोग्राम भी उपलब्ध कराती है, जिनका फायदा अंतरराष्ट्रीय छात्र उठा सकते हैं। कई छात्रों को मेरिट और जरूरत के आधार पर वित्तीय सहायता मिलती है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि आवेदन करने से पहले छात्र यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध स्कॉलरशिप और फंडिंग विकल्पों की जानकारी जरूर देखें। सही तैयारी और मजबूत प्रोफाइल के साथ भारतीय छात्रों के लिए यहां एडमिशन हासिल करना संभव हो सकता है।













