UP Anganwadi Vacancy 2026: यूपी में आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सहायिका पदों पर भर्ती, 12वीं पास महिलाएं करें आवेदन

यूपी आंगनवाड़ी भर्ती 2026 के तहत कार्यकत्री और सहायिका पदों पर आवेदन जारी हैं। 12वीं पास महिलाएं बिना शुल्क भरें फॉर्म, जानें जिलेवार पद और अंतिम तारीख।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सहायिका पदों पर भर्ती चल रही है। 12वीं पास महिला उम्मीदवार बिना आवेदन शुल्क के ऑनलाइन फॉर्म भर सकती हैं। चयन मेरिट के आधार पर होगा।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रही महिलाओं के लिए आंगनवाड़ी में काम करने का अवसर है। लखनऊ, हरदोई, पीलीभीत, बलिया समेत कई जिलों में कार्यकत्री और सहायिका के खाली पदों पर आवेदन लिए जा रहे हैं। भर्ती के लिए जिलों के अनुसार आवेदन की अंतिम तारीख अलग-अलग निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा।

यूपी के कई जिलों में आंगनवाड़ी के खाली पदों पर भर्ती

उत्तर प्रदेश में आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सहायिका के खाली पदों को भरने के लिए जिला स्तर पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए 12वीं पास महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। भर्ती में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। उम्मीदवार अपने जिले में उपलब्ध पदों की जानकारी लेकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकती हैं।

UP Anganwadi Vacancy 2026: यूपी में आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सहायिका पदों पर भर्ती, 12वीं पास महिलाएं करें आवेदन

बदायूं में आंगनवाड़ी कार्यकत्री पदों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 24 नवंबर है। वहीं, कुछ अन्य जिलों में दिसंबर तक आवेदन का मौका मिलेगा।

आंगनवाड़ी भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

इन पदों के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन कर सकती हैं। अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। अधिकतम शैक्षणिक योग्यता परास्नातक निर्धारित की गई है। इसके अलावा महिला उम्मीदवार जिस जिले से आवेदन कर रही हैं, वहां की निवासी होनी चाहिए। स्थानीय निवास से जुड़ी अन्य शर्तों की जानकारी जिले के भर्ती विज्ञापन में देखी जा सकती है।

आवेदन करने वाली महिलाओं की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 35 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग की उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

किस जिले में कितने पद खाली, जानें आवेदन की अंतिम तारीख

आंगनवाड़ी कार्यकत्री के पदों की बात करें तो लखनऊ में 72 और पीलीभीत में 153 पदों पर भर्ती हो रही है। दोनों जिलों में आवेदन की अंतिम तारीख 3 दिसंबर 2026 है।

बदायूं में कार्यकत्री के 391 पदों पर आवेदन की अंतिम तारीख 24 नवंबर है। गाजियाबाद में 174 पदों के लिए 9 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकते हैं।

आंगनवाड़ी सहायिका के पदों के लिए लखनऊ में 72 और पीलीभीत में 153 रिक्तियां हैं। इन दोनों जिलों में 3 दिसंबर तक आवेदन का मौका मिलेगा। संत कबीर नगर में 112 पदों के लिए 6 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं।

हरदोई में सहायिका के 333 पदों के लिए 26 नवंबर अंतिम तारीख है। गाजीपुर में 161 पदों के लिए 12 दिसंबर और बलिया में 486 पदों के लिए 14 दिसंबर तक आवेदन लिए जाएंगे।

ऑनलाइन आवेदन का तरीका और चयन प्रक्रिया

यूपी आंगनवाड़ी भर्ती में शामिल होने के लिए महिला उम्मीदवार आधिकारिक Website upanganwadibharti.in पर जाएं। यहां नई आंगनवाड़ी भर्ती के रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद मांगी गई जानकारी दर्ज करके पंजीकरण पूरा करें। रजिस्ट्रेशन के बाद शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारी भरें।

फॉर्म में दर्ज सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांचने के बाद आवेदन सबमिट कर दें। भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रख लें।

इस भर्ती में महिलाओं का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट में स्थान पाने वाली अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। दस्तावेजों की जांच और भर्ती की अन्य निर्धारित शर्तें पूरी करने वाली उम्मीदवारों को रिक्त पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।

महिलाएं भर्ती से जुड़ी पात्रता, जिलेवार रिक्तियों और आवेदन की अंतिम तारीख की विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक Website upanganwadibharti.in पर जारी Notification जरूर पढ़ें।

Leave a comment