पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट को शहबाज सरकार और राष्ट्रीय संघ की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाना भारी पड़ गया। उनके खिलाफ दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: पाकिस्तान हॉकी में बड़ा विवाद सामने आया है। पाकिस्तान पुरुष हॉकी टीम के कप्तान Ammad Shakeel Butt पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह फैसला Pakistan Hockey Federation (PHF) के अध्यक्ष Tariq Bugti ने लिया। प्रतिबंध की घोषणा के तुरंत बाद बुगती ने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया, जिससे पाकिस्तान हॉकी में प्रशासनिक संकट गहरा गया है।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब कप्तान बट ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटकर सार्वजनिक रूप से राष्ट्रीय महासंघ की आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम को दौरे के दौरान बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गईं।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में पाकिस्तान टीम ने FIH Pro League के तहत ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। कप्तान बट ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि टीम को होटल बुकिंग न होने के कारण घंटों सड़कों पर इंतजार करना पड़ा। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मैच से पहले रसोई साफ करनी और बर्तन धोने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
बट ने कहा, जब खिलाड़ियों को मैच खेलने से पहले किचन साफ करना पड़े, तो उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कैसे की जा सकती है? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकांश खिलाड़ियों को पिछले एक वर्ष से दैनिक भत्ते (डेली अलाउंस) नहीं मिले हैं।
![]()
PHF और PSB के बीच आरोप-प्रत्यारोप
इस विवाद के बाद Pakistan Sports Board (PSB) और PHF के बीच टकराव बढ़ गया है। PSB ने दावा किया कि उसने ऑस्ट्रेलिया में टीम के ठहरने और व्यवस्थाओं के लिए एक करोड़ से अधिक पाकिस्तानी रुपये जारी किए थे। वहीं, तारिक बुगती ने जिम्मेदारी PSB पर डालते हुए कहा कि दौरे की व्यवस्थाएं उसी बोर्ड ने की थीं। हालांकि, जब जारी किए गए फंड के उपयोग पर सवाल उठे, तो स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
बुगती ने अपना इस्तीफा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif को भेजते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की देखरेख में पूरे मामले की पारदर्शी जांच हो।
हवाई अड्डे पर लंबा इंतजार और होटल विवाद
रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम को सिडनी एयरपोर्ट पर अगली फ्लाइट के लिए 13–14 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जब खिलाड़ी होटल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि अग्रिम भुगतान न होने के कारण उनकी बुकिंग की पुष्टि नहीं है। बाद में टीम को अस्थायी व्यवस्था में ठहराया गया। कप्तान बट ने यह भी कहा कि 13 दिन के प्रवास में केवल 10 दिन की बुकिंग की गई थी, जिसके बाद खिलाड़ियों को सस्ते होटल में शिफ्ट होना पड़ा। इन परिस्थितियों का असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा।









