पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने स्टार बल्लेबाज फखर जमां पर दो मैच का बैन लगा दिया है। यह फैसला PSL 2026 के दौरान लाहौर कलंदर और कराची किंग्स के मैच में गेंद से छेड़छाड़ यानी बॉल टैंपरिंग के गंभीर आरोप के बाद लिया गया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: PSL 2026 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ी खबर सामने आई है। स्टार बल्लेबाज फखर जमां को बॉल टैंपरिंग के गंभीर आरोप में दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया है। इस फैसले की पुष्टि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 31 मार्च को की। PCB ने बताया कि फखर जमां टूर्नामेंट के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-3 उल्लंघन के दोषी पाए गए हैं। यह मामला आर्टिकल 2.14 से जुड़ा है, जो गेंद से छेड़छाड़ यानी बॉल टैंपरिंग की कैटेगिरी में आता है।
PCB ने किया लेवल-3 उल्लंघन का फैसला
31 मार्च को PCB ने आधिकारिक रूप से घोषणा की कि फखर जमां PSL कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-3 उल्लंघन के दोषी पाए गए हैं। यह उल्लंघन आर्टिकल 2.14 के तहत आता है, जो गेंद में छेड़छाड़ की कैटेगरी में शामिल है। इस मामले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है और फैंस इस खबर से हैरान हैं।
लाहौर बनाम कराची मैच में घटना

यह विवाद 29 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए लाहौर कलंदर और कराची किंग्स के मैच के दौरान हुआ। मैच के अंतिम ओवर से पहले ऑन-फील्ड अंपायरों ने लाहौर की टीम पर 5 रन की पेनल्टी लगाई और गेंद बदलने का फैसला किया। फखर जमां पर आरोप ऑन-फील्ड अंपायर शाहिद सैकत और फैसल खान आफरीदी, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और फोर्थ अंपायर तारिक रशीद द्वारा लगाया गया। हालांकि, फखर ने इन आरोपों से इनकार किया और मामले को चुनौती देने का निर्णय लिया। इसके बाद अनुशासनात्मक सुनवाई आयोजित की गई।
मैच रेफरी रोशन महानामा ने उपलब्ध सभी सबूतों और फखर की दलीलों को सुनने के बाद यह फैसला सुनाया। सुनवाई में लाहौर टीम के कप्तान शाहीन शाह आफरीदी, टीम डायरेक्टर समीम राणा और मैनेजर फारूक अनवर भी मौजूद थे। लेवल-3 उल्लंघन के तहत कम से कम एक मैच और अधिकतम दो मैच का बैन लगाया जा सकता है। फखर जमां को अधिकतम सजा दी गई है, जिसके चलते वह अब निम्नलिखित मैचों में शामिल नहीं हो पाएंगे:
- 3 अप्रैल: लाहौर कलंदर vs मुल्तान सुल्तान्स
- 9 अप्रैल: लाहौर कलंदर vs इस्लामाबाद यूनाइटेड
PSL के नियमों के अनुसार, खिलाड़ी इस फैसले के खिलाफ 48 घंटे के भीतर टूर्नामेंट की टेक्निकल कमेटी में अपील कर सकते हैं। फखर जमां का यह बैन लाहौर टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।









