Pune

पंडित धीरेंद्र शास्त्री को UK संसद में मानवता के लिए मिला सम्मान, शास्त्रीजी ने दिया बागेश्वर धाम आने का न्यौता

पंडित धीरेंद्र शास्त्री को UK संसद में मानवता के लिए मिला सम्मान, शास्त्रीजी ने दिया बागेश्वर धाम आने का न्यौता

पंडित धीरेंद्र शास्त्री को ब्रिटेन की संसद में सेवा, मानवता और सांस्कृतिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में उन्होंने लंदनवासियों को बागेश्वर धाम आने का न्यौता भी दिया।

Bageshwar Baba Dhirendra Shastri: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लंदन के प्रतिष्ठित हाउस ऑफ कॉमन्स में विशेष सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें मानवता, सेवा, वैश्विक प्रेम, शांति और सांस्कृतिक सामंजस्य के क्षेत्र में दिए गए योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर यूके के कई सांसदों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही, जिनमें सांसद सीमा मल्होत्रा, हैरो सिटी की मेयर अंजना पटेल, सांसद बॉब ब्लैकमैन और हाउस ऑफ लॉर्ड्स की सदस्य बारोनेस वर्मा शामिल थीं।

सेवा और मानवता के कार्यों की सराहना

सम्मान समारोह के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भारत में चलाए जा रहे सामाजिक कार्यों की विशेष सराहना की गई। इनमें गरीब कन्याओं के लिए विवाह समारोह का आयोजन, हर दिन हजारों लोगों के लिए अन्नपूर्णा सेवा और जरूरतमंद मरीजों के लिए कैंसर अस्पताल निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इन कार्यों को मानवता की सच्ची सेवा मानते हुए ब्रिटेन की संसद ने उनका अभिनंदन किया।

भारतीय संस्कृति को बताया प्रेरणा का स्रोत

समारोह के दौरान अपने संबोधन में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनके सभी कार्यों की प्रेरणा भारत की महान सांस्कृतिक परंपरा और शास्त्रों से मिलती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति "नर सेवा ही नारायण सेवा" का संदेश देती है, और यही विचार उनके प्रत्येक कार्य के मूल में है।

लंदनवासियों को दिया बागेश्वर धाम आने का न्यौता

इस विशेष अवसर पर शास्त्रीजी ने लंदनवासियों और विदेशी मेहमानों को भारत आने और बागेश्वर धाम की आध्यात्मिक यात्रा करने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि जो शांति और संतुलन आज की दुनिया तलाश रही है, उसका उत्तर भारत की प्राचीन संस्कृति में छिपा है।

Leave a comment