पश्चिम बंगाल से शेयर मार्केट फ्रॉड का आरोपी गिरफ्तार, 8.45 करोड़ की ठगी का खुलासा

पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार आरोपी ने शेयर मार्केट निवेश का झांसा देकर 8.45 करोड़ रुपए की ठगी की। आरोपी से क्रेटा कार, सोना और नकद बरामद, जांच जारी।

पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 8.45 करोड़ रुपए की ठगी की। आरोपी के कब्जे से क्रेटा कार, सोना, बैंक कार्ड और नकद बरामद हुए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Chhattisgarh: भूधर प्रसाद देवांगन, निवासी अखराभांठा सक्ती, ने 30 जनवरी को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी के अनुसार, उनका 2021 में कलकत्ता निवासी विश्वजीत देबनाथ से परिचय हुआ। विश्वजीत ने उन्हें शेयर मार्केट में निवेश करने का प्रलोभन दिया।

विश्वजीत ने कहा कि जितना पैसा आप निवेश करेंगे, उस पर 5 प्रतिशत मासिक ब्याज मिलेगा। इसके अलावा जितने अधिक लोग इसमें पैसा लगायेंगे, उसमें भी लाभ मिलेगा। इस झांसे में आकर प्रार्थी और अन्य लोगों ने नकद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से कुल 8 करोड़ 45 लाख रुपए निवेश किए।

कुछ निवेशकों को शुरुआती महीनों में पांच प्रतिशत ब्याज भी दिया गया। लेकिन उसके बाद विश्वजीत का संपर्क कम होने लगा और उसने कंपनी के घाटे और पैसे लौटाने के झूठे वादे करना शुरू कर दिया।

ठगी के पैसों से आलीशान जीवन

जांच में सामने आया कि आरोपी ने ठगी किए गए पैसों का इस्तेमाल निजी सुविधाओं में किया। उसने एक क्रेटा कार खरीदी, सोना खरीदकर आईडीबीआई बैंक में जमा किया और घर का रंग-रोगन करवाया।

इसके अलावा आरोपी ने घर के कागजात घर में ही रखा और कई महंगे मोबाइल भी खरीदे। आरोपी के पास 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिले। उसके कब्जे से कुल 30 हजार रुपए नकद भी बरामद हुए।

पुलिस की जांच 

प्रार्थी और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। लगातार जांच के बाद पश्चिम बंगाल से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने ठगी करने के उद्देश्य से जानबूझकर छल कपट किया। अब आरोपी से पूछताछ की जा रही है और ठगी गए पैसों की रकम की भी गिनती की जा रही है।

पुलिस ने बरामद सामग्री और बैंक दस्तावेजों को सबूत के रूप में कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने ठगी के पैसों का इस्तेमाल निजी लाभ के लिए किया और कई लोगों को अपने झांसे में फंसाया। मामले की जांच अभी भी जारी है और अन्य आरोपी या सहयोगियों की तलाश की जा रही है।

Leave a comment