पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड ने सीनियर असिस्टेंट पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 7 मार्च से 28 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन लिखित परीक्षा, टाइपिंग टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर होगा, जबकि शुरुआती वेतन करीब 35,400 रुपये प्रति माह होगा।
PSSSB Senior Assistant Recruitment 2026: पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड ने सीनियर असिस्टेंट पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके तहत ग्रेजुएशन कर चुके योग्य उम्मीदवार 7 मार्च से 28 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती सरकारी दफ्तरों में काम करने के इच्छुक युवाओं के लिए अहम अवसर मानी जा रही है। आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, कंप्यूटर आधारित टाइपिंग टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन शामिल होंगे, जबकि चयनित उम्मीदवारों को लेवल-6 पे स्केल के तहत लगभग 35,400 रुपये प्रति माह शुरुआती वेतन दिया जाएगा।
PSSSB सीनियर असिस्टेंट भर्ती 2026
पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की ओर से जारी भर्ती नोटिफिकेशन के अनुसार उम्मीदवार 7 मार्च 2026 से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 तय की गई है और फॉर्म केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पंजाब SSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म भरना होगा। समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है।

योग्यता और आयु सीमा क्या है
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। इसके साथ ही कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान भी अनिवार्य रखा गया है। उम्मीदवारों के पास कम से कम 120 घंटे का कंप्यूटर कोर्स या NIELIT का ‘O’ लेवल सर्टिफिकेट होना चाहिए।
आयु सीमा की बात करें तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष तय की गई है। वहीं पंजाब के एससी, एसटी और बीसी वर्ग के उम्मीदवारों को आयु में छूट दी गई है और उनके लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष रखी गई है। सरकारी सेवा में पहले से कार्यरत उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष तक निर्धारित की गई है।
चयन प्रक्रिया और सैलरी डिटेल
सीनियर असिस्टेंट भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले उम्मीदवारों को बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित लिखित परीक्षा देनी होगी। इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी, जिसमें प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे।
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इसके बाद कंप्यूटर आधारित टाइपिंग टेस्ट देना होगा, जिसमें अंग्रेजी और पंजाबी दोनों भाषाओं में टाइपिंग की जांच की जाएगी। अंतिम चयन मेरिट सूची और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-6 पे स्केल के तहत लगभग 35,400 रुपये प्रति माह शुरुआती वेतन मिलेगा।











