आरोपी गजेंद्र मुखिया दामाद से नाराज था। उसने बेटे को बेहोश करने के इरादे से जहर दिया, लेकिन उसकी जान चली गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Punjab: जालंधर जिले के पतारा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने कथित तौर पर अपने ही 6 वर्षीय बेटे को कीटनाशक पिला दिया। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय गजेंद्र मुखिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गजेंद्र अपने दूर के रिश्तेदार, जो उसका दामाद लगता है, से नाराज था। कुछ समय पहले उस युवक ने गजेंद्र पर पाजेब चोरी का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस बात से गजेंद्र मन ही मन बदला लेने की सोच रहा था। बताया जा रहा है कि उसने दामाद को फंसाने की योजना बनाई और इसी साजिश के तहत अपने बेटे को जहर पिला दिया।
बेटे को बेहोश करने का दावा
थाना पतारा पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका इरादा बेटे को केवल बेहोश करने का था, ताकि वह मामले में दामाद को फंसा सके। लेकिन कीटनाशक के असर से बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

मृतक बच्चे की पहचान रूपेश के रूप में हुई है, जो चार भाई-बहनों में मंझला था। परिवार मूल रूप से बिहार के मधेपुरा का रहने वाला है और फिलहाल गांव हजारा में रह रहा था।
बच्चे ने मां को बताई थी ‘दवा’ की बात
बच्चे की मां ममता ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की शाम वह रसोई में खाना बना रही थीं। उसी दौरान रूपेश दो बिस्कुट लेकर उनके पास आया। एक बिस्कुट खाते हुए उसने कहा, 'मां, पापा ने हमें दवा पिला दी है।'
ममता के कुछ समझने से पहले ही बच्चे को उल्टियां शुरू हो गईं। बिस्कुट पर चिपचिपा पदार्थ लगा हुआ था। घबराकर वह बेटे को अपने पिता के पास ले गईं और तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अमृतसर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मां की शिकायत पर केस दर्ज
घटना के बाद ममता गांव के सरपंच के साथ पतारा थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गजेंद्र मुखिया के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसएचओ राम किशन ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा सके। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मासूम की मौत से परिवार सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है।









