पत्नी-प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या, रेलवे ट्रैक पर फेंका शव

छपरा में पत्नी और उसके प्रेमी ने रोहित यादव की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका। कॉल डिटेल और लोकेशन से पुलिस ने अपराध का सच उजागर किया।

छपरा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पति ने दोनों को जंगल में अवैध संबंध बनाते हुए पकड़ा था, जिसके बाद उसकी हत्या की गई। 

Bihar: बुधवार सुबह रिविलगंज थाना क्षेत्र के जखुआ गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पहले यह आत्महत्या जैसा लग रहा था, लेकिन पुलिस की जांच ने पूरे मामले का सच खोल दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रोहित यादव के रूप में हुई। गुरुवार को पुलिस ने बताया कि उसकी हत्या उसकी ही पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की थी। 

पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल तीसरे व्यक्ति की तलाश जारी है। 

5 साल की शादी 

रोहित यादव की शादी 2020 में हुई थी। उसके दो बच्चे हैं, एक 4 साल का और दूसरा 2 साल का। काम के सिलसिले में वह गुजरात में रहता था और पत्नी-बच्चों को भी वहीं ले गया था। गुजरात में रहते हुए रोहित ने अपने गांव के ही दोस्त राकेश को भी अपनी कंपनी में नौकरी दिलाई। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और घर भी सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर थे।

गुजरात में साथ रहने के दौरान राकेश अक्सर रोहित के घर खाना खाने आता था। इसी दौरान राकेश और रोहित की पत्नी के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पिछले दो सालों से दोनों का अफेयर चल रहा था। पति जब काम पर जाता, तो उसकी पत्नी राकेश को घर बुलाकर 3–4 घंटे साथ बिताती थी। यह सिलसिला दो साल तक चलता रहा, लेकिन रोहित को भनक नहीं लगी। 

पति को हुआ शक 

1 दिसंबर को रोहित पत्नी-बच्चों और राकेश के साथ अपनी बहन की शादी में शामिल होने गांव आया। यहां पत्नी कई बार रात में घर से गायब होने लगी। इस पर रोहित को शक हुआ और उसने एक रात पत्नी का पीछा किया। उसने अपनी पत्नी को राकेश से मिलते देखा और दोनों के रिश्ते की पुष्टि हो गई। 

4 दिसंबर को जब यह बात स्पष्ट हुई, तो रोहित ने पत्नी को समझाया और राकेश से रिश्ते तोड़ने को कहा। इस पर पति-पत्नी के बीच काफी झगड़ा हुआ, लेकिन पत्नी नहीं मानी। 

जंगल में पकड़ा रंगे हाथ 

9 दिसंबर की रात करीब 12 बजे पत्नी फिर से राकेश से मिलने जंगल की तरफ गई। रोहित ने पत्नी का पीछा किया और इस बार उसने दोनों को घर से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर अवैध संबंध बनाते रंगे हाथ पकड़ लिया। 

उस समय राकेश का एक दोस्त भी वहां मौजूद था, जो दोनों के रिश्ते के बारे में जानता था और राकेश का समर्थन कर रहा था। उसने रोहित को पकड़ लिया और राकेश को आवाज दी। 

पत्नी भी वहां पहुंच गई। इसके बाद तीनों ने मिलकर रोहित को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। पत्नी ने रोहित का हाथ पकड़ा और राकेश ने धारदार चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद इसे आत्महत्या दिखाने के लिए तीनों ने शव को करीब 100 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया और अपने-अपने घर लौट गए। 

कॉल डिटेल और लोकेशन से फंसे आरोपी 

अगली सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों को खंगाला। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने पर पुलिस को पता चला कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। 

कड़े सबूत मिलने पर पत्नी और राकेश ने अपराध कबूल कर लिया। हत्या में प्रयुक्त चाकू, उनके कपड़े और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। 
SP बोले 

SSP डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि यह हत्या सिर्फ इसलिए की गई, क्योंकि रोहित ने पत्नी और राकेश के अवैध संबंधों का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामला फास्ट-ट्रैक कोर्ट (SPG-12) में चलाया जाएगा, ताकि मृतक को जल्द न्याय मिल सके। 

Leave a comment