राजस्थान बोर्ड ने 12वीं कक्षा के कंप्यूटर विज्ञान, इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और चित्रकला विषय की परीक्षा शिफ्ट में बदलाव किया है। ये परीक्षाएं अब दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होंगी।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE), अजमेर ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्रों के लिए अहम बदलाव किया है। बोर्ड सचिव श्री राठौड़ ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी कि तीन विषयों की परीक्षा की शिफ्ट में परिवर्तन किया गया है। यह बदलाव 17 फरवरी और 24 फरवरी 2026 को होने वाली परीक्षाओं पर लागू होगा।
यह निर्णय छात्रों की सुविधा और परीक्षा संचालन को सुचारु बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बाकी सभी विषयों की परीक्षाएं पहले से तय समय पर ही आयोजित की जाएंगी।
इन विषयों की बदली गई परीक्षा शिफ्ट
पहले बोर्ड की ओर से यह तय किया गया था कि 17 फरवरी को कंप्यूटर विज्ञान (03) और इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज (04) तथा 24 फरवरी को चित्रकला (17) की परीक्षा सुबह पहली शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, इन तीनों विषयों की परीक्षा दूसरी शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक कराई जाएगी। बोर्ड ने यह भी बताया है कि मूकबधिर (Hearing Impaired) विद्यार्थियों को एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
बाकी विषयों की परीक्षा पहले शिफ्ट में ही

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शिफ्ट में बदलाव केवल इन्हीं तीन विषयों के लिए किया गया है। इसके अलावा मनोविज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान, वाणिज्य, कला और व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं पहली शिफ्ट में सुबह 8:45 बजे से 11:45 बजे तक ही आयोजित होंगी।
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और संशोधित टाइम टेबल को ध्यान से देखें।
पूरा परीक्षा कार्यक्रम 12 फरवरी से 11 मार्च तक
राजस्थान बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 12 फरवरी 2026 से शुरू होकर 11 मार्च 2026 तक चलेंगी। परीक्षा के दौरान रविवार, होलिका दहन और होली के दिन अवकाश रखा गया है।
विज्ञान, कला, वाणिज्य और व्यावसायिक शिक्षा के सभी विषयों की तारीखें बोर्ड की आधिकारिक अधिसूचना में जारी कर दी गई हैं। टंकण लिपि (हिंदी और अंग्रेजी) जैसे कुछ विषयों की परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होगी।
छात्रों के लिए जरूरी सलाह
राजस्थान बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी अफवाह या सोशल मीडिया पर फैल रही गलत जानकारी पर भरोसा न करें। सही और अपडेट जानकारी के लिए केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या अपने स्कूल से संपर्क करें।
परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और आवश्यक स्टेशनरी की जांच जरूर कर लें। परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना भी जरूरी है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।









