पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को हटाने की साजिश चल रही है। उन्होंने भाजपा पर इमरजेंसी और सांप्रदायिक राजनीति को लेकर निशाना साधा। उनके बयान से सियासी हलचल तेज हो गई।
Rajasthan News: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की साजिश चल रही है और यह षडयंत्र केवल राजस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली तक फैला हुआ है। गहलोत के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है।
भजनलाल शर्मा को चेतावनी
जोधपुर दौरे पर आए अशोक गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भजनलाल शर्मा यह नहीं समझ पा रहे हैं कि उनके खिलाफ क्या योजना बन रही है। हम उन पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें आगाह कर रहे हैं कि अगर उन्होंने सावधानी नहीं बरती, तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। गहलोत ने कहा कि पहली बार किसी नए विधायक को सीधे मुख्यमंत्री बनाया गया है, यह बहुत बड़ी बात है और इसे संभाल कर रखना चाहिए। बार-बार मुख्यमंत्री बदलने से न तो सरकार की छवि बनती है और न ही राज्य का विकास होता है।
आपातकाल पर भाजपा के जश्न पर भी उठाए सवाल
अशोक गहलोत ने भाजपा द्वारा आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर मनाए जा रहे कार्यक्रमों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा आपातकाल को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है, जबकि यह मुद्दा अब पुराना हो चुका है और जनता इसे भलीभांति समझ चुकी है।
गहलोत ने कहा कि 1975 के आपातकाल का असर कांग्रेस भुगत चुकी है, लेकिन उसके बाद इंदिरा गांधी भारी बहुमत से सत्ता में लौटी थीं। उन्होंने कहा कि वे खुद भी उस समय सांसद बने थे।
जनता अब सब समझ चुकी
गहलोत ने जोर देकर कहा कि जनता अब यह समझ गई है कि भाजपा केवल मुद्दों को उछालकर लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि 50 साल पहले की घटनाओं को आज के संदर्भ में बार-बार उठाना केवल राजनीतिक स्वार्थ है। भाजपा इन प्रयासों में सफल नहीं होगी, क्योंकि जनता अब जागरूक हो चुकी है।
हिंदू-मुस्लिम राजनीति पर भी आरोप
अशोक गहलोत ने भाजपा पर हिंदू-मुस्लिम राजनीति करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी धर्म के आधार पर राजनीति नहीं की है और न ही हिंसा का समर्थन किया है। गहलोत ने कहा कि भाजपा बार-बार सांप्रदायिक मुद्दों को उभारकर चुनावी लाभ लेना चाहती है, जबकि देश को आज रोजगार, महंगाई और शिक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की जरूरत है।
तीन दिवसीय दौरे पर जोधपुर पहुंचे गहलोत
अशोक गहलोत इन दिनों तीन दिवसीय दौरे पर अपने गृह नगर जोधपुर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में आम जनता से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए और प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई।