राजस्थान की फैक्ट्री में मिली नकली नींद की दवा, अमेरिका-कनाडा तक की जाती थी सप्लाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान की फैक्ट्री में मिली नकली नींद की दवा, अमेरिका-कनाडा तक की जाती थी सप्लाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
AI IMAGE

अलवर भिवाड़ी में एसओजी ने नकली नींद की दवा बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया। तीन केमिकल इंजीनियर गिरफ्तार, 32.56 करोड़ रुपये मूल्य की दवा, केमिकल और मशीनें जब्त। दवाओं की सप्लाई अमेरिका और कनाडा तक हो रही थी।

Jaipur: एसओजी ने भिवाड़ी के रीको एरिया में एक मकान में चल रही अवैध फैक्ट्री पर रविवार को छापा मारा। गुजरात एटीएस के पुलिस निरीक्षक पीयूष देसाई की सूचना पर कार्रवाई की गई। फैक्ट्री का नाम एपीएल फार्माकेम था, जहां नकली नींद की दवाएं तैयार की जा रही थीं। एसओजी टीम ने मौके से तीन आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश (आगरा), अखिलेश (भदौही) और कृष्णा (बनारस) के रूप में हुई। सभी केमिकल इंजीनियर हैं। जानकारी मिली है कि फैक्ट्री को करीब एक महीने पहले किराए पर लिया गया था।

दवा का बाजार में मूल्य

एसओजी ने फैक्ट्री से 22 किलो नकली नींद की दवा बनाने वाले केमिकल, टैबलेट और मशीनें जब्त की। इसमें 4.8 किलोग्राम अल्प्राजोलम, 17 किलोग्राम टेमाजैपाम, पैराजैपाम और सनसेट यैलो मिश्रण शामिल हैं। इनके साथ ही दवा बनाने वाली मशीनें भी मिलीं। इनकी कीमत लगभग 32.56 करोड़ रुपये बताई गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये नकली दवाएं गुजरात के रास्ते कई राज्यों में और अमेरिका-कनाडा तक सप्लाई की जाती थीं। एसओजी के अनुसार यह फैक्ट्री जाली दवाओं का बड़ा नेटवर्क चलाती थी।

आगे की कार्रवाई

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। सभी आरोपी केमिकल इंजीनियर हैं और उन्होंने फैक्ट्री की तकनीकी निगरानी संभाली थी।

फैक्ट्री के बंद पड़े परिसर को किराए पर लेकर इस अवैध काम को अंजाम दिया गया। पुलिस टीम ने फैक्ट्री को सीज कर आगामी जांच के लिए सारा सामान जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जल्द ही कोर्ट में पेश किए जाएंगे।

एसओजी ने सभी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ और जांच तेज कर दी है। दवाओं के वितरण और अन्य संदिग्धों की पहचान के लिए टीम लगातार काम कर रही है।

Leave a comment