रात 1:30 बजे हाईवे पर चीख-पुकार, मुरैना में श्रद्धालुओं की ट्रेवल्स डंपर से टकराई

मुरैना के बानमौर में ट्रेवल्स गाड़ी खड़े डंपर से टकराई। झारखंड के श्रद्धालु उज्जैन जा रहे थे। हादसे में 1 की मौत, 11 घायल।

मुरैना में ट्रेवल्स गाड़ी खड़े डंपर से टकराई। झारखंड के श्रद्धालु उज्जैन जा रहे थे। हादसे में 1 की मौत और 11 घायल। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है।

Madhya Pradesh: हादसा बानमौर कस्बे के पास नेशनल हाइवे-44 पर रात लगभग 1:30 बजे हुआ। सड़क किनारे खड़े एक डंपर से पीछे से आ रही ट्रेवल्स गाड़ी टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

डंपर क्रमांक MP07 ZY 9735 हाईवे पर खड़ा था। इसी दौरान दिल्ली से उज्जैन जा रही ट्रेवल्स गाड़ी क्रमांक HR 38 AE 0045 उसमें पीछे से जा टकराई। हादसे के समय ट्रेवल्स में सभी श्रद्धालु सो रहे थे।

झारखंड से उज्जैन जा रहे श्रद्धालु

ट्रेवल्स में सवार सभी यात्री झारखंड के तरैसी, जिला पलामू के रहने वाले हैं। कुल 13 श्रद्धालु दिल्ली से ट्रेन के जरिए आए और चार अन्य लोगों को लेकर ट्रेवल्स गाड़ी किराए पर ली गई। श्रद्धालु सोमवार को दिल्ली से वृंदावन गए थे और भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए थे। इसके बाद रात में उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए निकले, लेकिन बानमौर पहुंचने से पहले यह हादसा हो गया।

रात 1:30 बजे हाईवे पर चीख-पुकार, मुरैना में श्रद्धालुओं की ट्रेवल्स डंपर से टकराई

हादसे में ट्रेवल्स में सवार उमेश गुप्ता (तरैसी, जिला पलामू, झारखंड) की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं में विपिन, आरती, ममता, कुसुम, शोभा देवी, सोनी, रविंद्र, देवरानी, रिंकी देवी, बल्ली और ट्रेवल्स चालक दीपक कुमार शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया गया।

हादसे का कारण 

बताया जा रहा है कि वृंदावन से उज्जैन रवाना होने से पहले ट्रेवल्स चालक दीपक कुमार ने अकेले खाना खाया, जबकि बाकी श्रद्धालुओं ने भोजन नहीं किया। लंबे सफर और थकान के कारण चालक को नींद आ गई।

बानमौर कस्बे के पास पहुंचते ही चालक झपकी में आ गया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे के वक्त सभी यात्री सो रहे थे, टक्कर के बाद उनकी नींद खुली।

पुलिस की कार्रवाई 

घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बानमौर थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव ने बताया कि हादसे का प्राथमिक कारण चालक की थकान और नींद लगना माना जा रहा है। 

घटना के संबंध में मामले की जांच जारी है। पुलिस और प्रशासन ने दुर्घटना को लेकर यातायात और सुरक्षा नियमों का पालन करने पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे रोके जा सकें।

Leave a comment