Pune

RBI ने जारी की बैंक छुट्टियों की लिस्ट: जानिए जुलाई को कहां-कहां बंद रहेंगे बैंक

RBI ने जारी की बैंक छुट्टियों की लिस्ट: जानिए जुलाई को कहां-कहां बंद रहेंगे बैंक

अगर आप अगले हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने का मन बना रहे हैं, तो आपको पहले यह जान लेना चाहिए कि किन तारीखों पर बैंक बंद रहेंगे। जुलाई महीने के बीच सप्ताह में कई दिन ऐसे हैं जब राज्य स्तर पर त्योहारों और खास मौकों की वजह से बैंक नहीं खुलेंगे। खासकर 14 जुलाई को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति है, जिसे साफ करना जरूरी है।

क्या 14 जुलाई को सावन सोमवार की वजह से बैंक बंद हैं?

इस बार 14 जुलाई 2025 को सावन का पहला सोमवार पड़ रहा है। आम तौर पर लोग मानते हैं कि सावन सोमवार को बैंक और सरकारी दफ्तर बंद रहते हैं, लेकिन यह बात हर जगह लागू नहीं होती। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की लिस्ट के मुताबिक 14 जुलाई को सिर्फ मेघालय के शिलॉन्ग में बैंक बंद रहेंगे और इसका कारण सावन नहीं, बल्कि एक लोकल फेस्टिवल है। इस त्योहार का नाम है 'बेह देन्खलाम'। यह जयंतिया समुदाय द्वारा मनाया जाता है और इसका मकसद बीमारी और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करना होता है।

13 से 20 जुलाई तक कहां-कहां बैंक रहेंगे बंद

जुलाई के तीसरे सप्ताह में रविवार, शनिवार और कुछ स्थानीय त्योहारों की वजह से बैंक अलग-अलग राज्यों में बंद रहेंगे। आइए जानते हैं सप्ताह भर की बैंक हॉलिडे लिस्ट:

13 जुलाई, रविवार: पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे।

14 जुलाई, सोमवार: शिलॉन्ग (मेघालय) में 'बेह देन्खलाम' त्योहार की वजह से बैंक बंद रहेंगे। बाकी जगहों पर बैंक खुले रहेंगे।

16 जुलाई, बुधवार: उत्तराखंड के देहरादून में 'हरेला' पर्व की वजह से बैंक बंद रहेंगे। हरेला पर्व प्रकृति, हरियाली और नए सीजन की शुरुआत का प्रतीक होता है।

17 जुलाई, गुरुवार: शिलॉन्ग में 'यू तिरोत सिंह डेथ एनिवर्सरी' के चलते बैंक बंद रहेंगे। यू तिरोत सिंह खासी समुदाय के स्वतंत्रता सेनानी माने जाते हैं।

19 जुलाई, शनिवार: त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में 'केर पूजा' के कारण बैंक बंद रहेंगे। यह पूजा स्थानीय देवता 'केर' को समर्पित होती है।

20 जुलाई, रविवार: पूरे भारत में बैंक बंद रहेंगे।

जुलाई महीने की राज्यवार छुट्टियों की पूरी झलक

3 जुलाई, गुरुवार: अगरतला में 'खारची पूजा' की वजह से बैंक बंद रहे। यह पूजा त्रिपुरा के चौदह देवताओं की आराधना का पर्व है।

5 जुलाई, शनिवार: जम्मू और श्रीनगर में 'गुरु हरगोबिंद जी की जयंती' पर बैंक बंद रहे।

6 जुलाई, रविवार: पूरे देश में साप्ताहिक अवकाश।

12 जुलाई, शनिवार: महीने का दूसरा शनिवार, सभी राज्यों में बैंक बंद।

13 जुलाई, रविवार: पूरे देश में बैंक बंद।

14 जुलाई, सोमवार: सिर्फ शिलॉन्ग में बैंक बंद।

16 जुलाई, बुधवार: देहरादून में बैंक बंद।

17 जुलाई, गुरुवार: शिलॉन्ग में बैंक बंद।

19 जुलाई, शनिवार: अगरतला में बैंक बंद।

20 जुलाई, रविवार: पूरे भारत में बैंक बंद।

26 जुलाई, शनिवार: चौथा शनिवार, सभी जगह बैंक बंद।

27 जुलाई, रविवार: साप्ताहिक अवकाश, पूरे देश में बैंक बंद।

28 जुलाई, सोमवार: गंगटोक (सिक्किम) में 'ड्रुक्पा त्शे-ज़ी' पर्व की वजह से बैंक बंद। यह बौद्ध धर्म से जुड़ा त्योहार है, जिसमें भगवान बुद्ध के पहले उपदेश को याद किया जाता है।

राज्य के हिसाब से अलग-अलग होती हैं बैंक हॉलिडे

यह बात समझनी जरूरी है कि बैंक हॉलिडे पूरे देश में एक जैसे नहीं होते। रिजर्व बैंक की ओर से सालाना छुट्टियों की लिस्ट में राज्यवार त्योहार और विशेष अवसरों को शामिल किया जाता है। इस वजह से जरूरी है कि आप बैंक जाने से पहले अपनी ब्रांच या बैंक की वेबसाइट से छुट्टी की स्थिति की पुष्टि कर लें।

Leave a comment