ऋषिकेश में लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मार्ग पर भारी मलबा गिरा, जेसीबी दबी, ऑपरेटर ने कूदकर बचाई जान

ऋषिकेश में लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मार्ग पर भूस्खलन से भारी मलबा गिरा और JCB दब गई। ऑपरेटर ने कूदकर जान बचाई, 9.5 घंटे बाद यातायात बहाल हुआ।

ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह भूस्खलन से भारी मलबा आ गया। मलबा हटाने के दौरान एक जेसीबी मशीन दब गई, हालांकि ऑपरेटर ने समय रहते कूदकर जान बचा ली। करीब साढ़े नौ घंटे बाद यातायात बहाल हुआ।

ऋषिकेश: पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर फूलचट्टी पटना वॉटरफॉल के समीप भारी मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। मलबा हटाने के दौरान अचानक पहाड़ी से दोबारा मलबा गिरने से जेसीबी मशीन दब गई। मशीन पर मलबा गिरने से पहले ऑपरेटर ने कूदकर अपनी जान बचा ली।

सुबह 5 बजे सड़क पर आया मलबा

लक्ष्मणझूला डीएम कैंप कार्यालय से करीब 14 किलोमीटर दूर फूलचट्टी पटना वॉटरफॉल के समीप सुरंगीभेल में बुधवार सुबह करीब 5 बजे भारी मलबा सड़क पर आ गया। भूस्खलन के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। कांड़ी, यमकेश्वर और सिलोगी मोटर मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों के साथ नीलकंठ धाम जाने वाले वाहनों के पहिए भी थम गए।

ऋषिकेश में लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मार्ग पर भारी मलबा गिरा, जेसीबी दबी, ऑपरेटर ने कूदकर बचाई जान

मलबा आने की सूचना स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) दुगड्डा उपखंड कार्यालय लक्ष्मणझूला को दी। सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया।

मलबा हटाते समय दबी जेसीबी

लोनिवि की टीम जब सड़क पर गिरे मलबे को हटाने में जुटी थी, तभी अचानक पहाड़ी की ओर से और मलबा नीचे आ गया। इसकी चपेट में जेसीबी मशीन भी आ गई और वह मलबे में दब गई। हालांकि, मलबा मशीन तक पहुंचने से पहले ही जेसीबी ऑपरेटर ने कूदकर अपनी जान बचा ली। मलबे में दबने के कारण जेसीबी मशीन का भी ब्रेकडाउन हो गया।

इसके बाद लोनिवि अधिकारियों ने दूसरी जेसीबी मशीन की मदद से मलबे में फंसी पहली मशीन को बाहर निकाला। इसके बाद सड़क पर जमा मलबे को हटाने का काम दोबारा शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर रोक दिया।

गरूड़चट्टी पर रोके गए नीलकंठ जाने वाले वाहन

नीलकंठ धाम की ओर जाने वाले वाहनों को थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने गरूड़चट्टी पर ही रोक दिया। वहीं ऋषिकेश की ओर आने वाले वाहनों को पटना वॉटरफॉल से करीब एक किलोमीटर पहले रोक दिया गया। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रही और मलबा हटाने के काम में भी बाधा नहीं आई।

करीब दोपहर 2:30 बजे मलबे की सफाई पूरी होने के बाद यातायात सुचारू कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग दुगड्डा उपखंड लक्ष्मणझूला के अवर अभियंता शशि प्रकाश ने बताया कि फिलहाल यातायात बहाल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मलबे के कारण सड़क पर आगे और कटिंग का काम करना पड़ेगा। वाहनों का दबाव कम होने के बाद सड़क कटिंग का काम तेजी से किया जाएगा।

करीब साढ़े नौ घंटे परेशान रहे यात्री

मार्ग बंद होने के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को करीब साढ़े नौ घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। मार्ग बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

पर्वतीय क्षेत्रों से रोजमर्रा के सामान की खरीदारी के लिए ऋषिकेश बाजार आने वाले ग्रामीण भी मार्ग बाधित होने से प्रभावित हुए। आमतौर पर पर्वतीय रूटों से आने वाले वाहन सुबह करीब 9 बजे तक ऋषिकेश पहुंचते हैं और दोपहर 1 बजे अपने रूटों की ओर वापस रवाना होते हैं। लेकिन बुधवार को मार्ग बाधित होने के कारण यात्रियों और ग्रामीणों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।

मोटर मार्ग बंद रहने से लक्ष्मणझूला टूरिस्ट टैक्सी ऑनर्स एसोसिएशन के वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। सड़क खुलने के बाद यूनियन ने नीलकंठ धाम के लिए वाहनों का संचालन फिर शुरू किया।

Leave a comment