बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में RLJP को मिली हार के बाद पार्टी अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने भविष्य की रणनीति और संगठनात्मक बदलावों को लेकर बड़ा ऐलान किया है।
Pashupati Kumar Paras: RLJP के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने बिहार चुनाव के बाद अपनी पार्टी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज पासवान और उनके साथ यशराज पासवान के नेतृत्व में भविष्य में पार्टी का कामकाज चलेगा। दोनों युवा भाइयों को पार्टी की कमान सौंपी जाएगी और उनके नेतृत्व में पूरे बिहार में संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
पार्टी की कमान युवा नेताओं को
पारस ने बताया कि पार्टी का भविष्य अब प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज पासवान और उनके भाई यशराज पासवान के नेतृत्व में तय होगा। उन्होंने कहा, "दोनों भाइयों के नेतृत्व में पूरे बिहार में संगठन को मजबूत किया जाएगा। हमारी पार्टी के कार्यक्रम और रणनीतियां इन युवा नेताओं के हाथों में होंगी। RLJP अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि इस निर्णय के पीछे पार्टी को नई ऊर्जा देने और युवाओं को नेतृत्व में लाने का मकसद है।

पारस ने पार्टी की स्थापना दिवस पर अपने भाषण में कहा, "हमारी पार्टी की स्थापना 28 नवंबर 2000 को हुई थी। इसमें हमारे बड़े भाई रामविलास पासवान और छोटे भाई रामचंद्र पासवान की मौजूदगी थी। आज 25 साल पूरे हो गए। इन सालों में हमने अच्छे और खराब दिन दोनों देखे।" उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक जीवन में हार और जीत दोनों को सम्मान और धैर्य के साथ लेना चाहिए।
बिहार चुनाव पर पारस की प्रतिक्रिया
बिहार विधानसभा चुनाव में RLJP को मिली हार के बाद पारस ने कहा, "आज जनता के मैंडेट का मैं सम्मान करता हूं। लेकिन चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।" उन्होंने कहा कि राजनीति में हारने की भी हिम्मत रखनी चाहिए, क्योंकि जीतना या हारना दोनों ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं।










