Rohit-Virat को बीसीसीआई का सख्त संदेश: कहा - 'भारत की वनडे टीम का हिस्सा बनना है तो घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य'

Rohit-Virat को बीसीसीआई का सख्त संदेश: कहा - 'भारत की वनडे टीम का हिस्सा बनना है तो घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य'

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने दिग्गज क्रिकेटरों विराट कोहली और रोहित शर्मा को साफ संदेश दिया है। बोर्ड ने कहा है कि अगर वे वनडे टीम में बने रहना चाहते हैं, तो उन्हें घरेलू वनडे टूर्नामेंटों में हिस्सा लेना अनिवार्य होगा।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने देश के दो सबसे दिग्गज क्रिकेटरों विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को स्पष्ट संदेश दिया है कि अगर वे आगे भी भारत की वनडे टीम (ODI Team) का हिस्सा बने रहना चाहते हैं, तो उन्हें घरेलू क्रिकेट (Domestic Cricket) में नियमित रूप से खेलना होगा।

दोनों खिलाड़ी अब टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल केवल वनडे क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं। ऐसे में बीसीसीआई और टीम प्रबंधन चाहते हैं कि वे विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) जैसे घरेलू टूर्नामेंटों में भाग लेकर अपनी फिटनेस और फॉर्म को बनाए रखें।

BCCI का सख्त संदेश – घरेलू क्रिकेट से ही तय होगी टीम में जगह

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, बोर्ड और टीम प्रबंधन ने कोहली और रोहित दोनों को साफ बता दिया है कि अगर उन्हें भारत के लिए खेलना है, तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। चूंकि उन्होंने दो प्रारूपों से संन्यास ले लिया है, इसलिए मैच फिटनेस और लय बनाए रखने के लिए यह बेहद जरूरी है।

बीसीसीआई के चयन समिति प्रमुख अजीत अगरकर ने भी हाल ही में कहा था कि खिलाड़ियों को जब भी मौका मिले, उन्हें घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए। उन्होंने कहा था, खुद को शार्प रखने का सबसे अच्छा तरीका है घरेलू मैच खेलना, खासकर तब जब खिलाड़ी लंबे अंतरराष्ट्रीय ब्रेक पर हों।

विजय हजारे ट्रॉफी से हो सकती है कोहली-रोहित की वापसी

रिपोर्ट्स के अनुसार, 24 दिसंबर को खेले जाने वाले विजय हजारे ट्रॉफी मैच को इन दोनों खिलाड़ियों की संभावित वापसी के तौर पर देखा जा रहा है। यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन से नौ दिसंबर तक होने वाली वनडे सीरीज और 11 जनवरी से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड सीरीज के बीच का एकमात्र घरेलू वनडे मैच होगा।

सूत्रों के मुताबिक, रोहित शर्मा ने मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) को पहले ही सूचित कर दिया है कि वे इस टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, विराट कोहली की उपलब्धता को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है।

रोहित की तैयारी शुरू, कोहली से भी उम्मीदें कायम

रोहित शर्मा इस वक्त मुंबई के शरद पवार इंडोर अकादमी में अभ्यास कर रहे हैं और संकेत मिले हैं कि वे 26 नवंबर से शुरू होने वाले सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में भी हिस्सा ले सकते हैं। दूसरी ओर, विराट कोहली इस समय लंदन में हैं और बीसीसीआई को उम्मीद है कि वे भी जल्द ही घरेलू क्रिकेट में लौटेंगे।

पिछले सीजन में दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) मैच खेला था। विराट ने 12 साल बाद दिल्ली के लिए और रोहित ने 10 साल बाद मुंबई के लिए मैदान संभाला था। रोहित ने उस वक्त कहा था, 2019 के बाद से जब मैंने टेस्ट क्रिकेट को नियमित रूप से खेलना शुरू किया, तब घरेलू क्रिकेट के लिए समय कम मिला। लेकिन अब हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं।”

2027 विश्व कप को लेकर बीसीसीआई की रणनीतिक सोच

बीसीसीआई की यह पहल केवल तत्काल प्रदर्शन नहीं, बल्कि 2027 वर्ल्ड कप की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा भी है। अजीत अगरकर ने कहा था कि, कोहली और रोहित किसी ट्रायल पर नहीं हैं। दोनों ने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ हासिल किया है। लेकिन अब से 2027 विश्व कप तक कई बदलाव होंगे। हम उनकी फॉर्म, फिटनेस और घरेलू प्रदर्शन के आधार पर स्थिति का आकलन करते रहेंगे।

इस बयान से साफ है कि बोर्ड अनुभव और युवाओं के बीच संतुलन (Balance of Experience & Youth) बनाना चाहता है, ताकि टीम का भविष्य सुरक्षित रह सके।

 

Leave a comment