बुधवार, 7 अक्टूबर को SA20 के पांचवें सीजन का ऑक्शन हुआ, जिसमें कई खिलाड़ियों पर बड़ी बोली लगी। 18 वर्षीय जेसन राउल्स नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें जोबर्ग सुपर किंग्स ने 2.9 मिलियन रैंड यानी करीब 16.89 करोड़ रुपये में खरीदा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: SA20 सीजन 5 की नीलामी में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा किसी अनुभवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर की नहीं, बल्कि 18 साल के युवा ऑलराउंडर जेसन राउल्स की हो रही है। बुधवार, 7 अक्टूबर को हुई नीलामी में राउल्स पर फ्रेंचाइजियों के बीच जबरदस्त बोली की जंग देखने को मिली। आखिरकार जोबर्ग सुपर किंग्स ने उन्हें 2.9 मिलियन रैंड यानी करीब 1.69 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया। इस बोली के साथ राउल्स SA20 सीजन 5 के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
सबसे खास बात यह है कि राउल्स अभी अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी कर रहे हैं। वह सेंट डेविड मैरिस्ट इनांडा स्कूल में मैट्रिक की पढ़ाई कर रहे हैं। इतनी कम उम्र और बेहद सीमित पेशेवर अनुभव के बावजूद उन पर लगी भारी बोली ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
राउल्स के लिए दिखी जबरदस्त बिडिंग वॉर
जेसन राउल्स को खरीदने के लिए जोबर्ग सुपर किंग्स और MI केपटाउन के बीच काफी देर तक बोली चली। जैसे-जैसे बोली बढ़ती गई, राउल्स की कीमत भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई। अंत में जोबर्ग सुपर किंग्स ने 2.9 मिलियन रैंड की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ लिया। राउल्स बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के गेंदबाज हैं।
वह फिलहाल दक्षिण अफ्रीका की अंडर-19 टीम के उपकप्तान भी हैं। उनकी पहचान एक प्रतिभाशाली ऑलराउंडर के तौर पर बन रही है और घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने फ्रेंचाइजियों को प्रभावित किया है।
सिर्फ एक टी20 मैच का अनुभव

राउल्स के नाम अभी केवल एक टी20 मैच का अनुभव है। इस मुकाबले में उन्होंने बल्ले से 45 रन बनाए और गेंदबाजी करते हुए एक विकेट भी हासिल किया। हाल ही में CSA टी20 चैलेंज में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई। उन्होंने 31 गेंदों पर 45 रन की पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का प्रदर्शन किया।इतने कम अनुभव के बावजूद SA20 जैसी बड़ी टी20 लीग में उन पर करोड़ों की बोली लगना उनके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। फ्रेंचाइजी का यह फैसला इस बात का संकेत है कि टीम प्रबंधन को उनके भविष्य में बड़ी संभावनाएं नजर आ रही हैं।
पोलार्ड और फाफ डु प्लेसिस भी रहे चर्चा में
SA20 ऑक्शन में जेसन राउल्स के अलावा कई बड़े नामों पर भी फ्रेंचाइजियों ने जमकर पैसा खर्च किया। वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को जोबर्ग सुपर किंग्स ने 1.5 मिलियन रैंड यानी करीब 87.3 लाख रुपये में खरीदा। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस पर भी जोबर्ग सुपर किंग्स ने बड़ा दांव लगाया।
उन्हें टीम ने 2.7 मिलियन रैंड यानी करीब 1.57 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। इस तरह जोबर्ग सुपर किंग्स ने नीलामी में युवा प्रतिभा के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया।
कब शुरू होगा SA20 का नया सीजन?
SA20 सीजन 5 की शुरुआत अगले साल 17 जनवरी से होने की उम्मीद है। टूर्नामेंट का शुरुआती मुकाबला सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। अब तक खेले गए चार सीजन में सनराइजर्स ईस्टर्न केप का दबदबा रहा है। टीम तीन बार खिताब अपने नाम कर चुकी है। वहीं, जेसन राउल्स की नई टीम जोबर्ग सुपर किंग्स अभी तक SA20 फाइनल में जगह नहीं बना सकी है। ऐसे में टीम को उम्मीद होगी कि युवा राउल्स समेत नए खिलाड़ियों के जुड़ने से आगामी सीजन में उसके प्रदर्शन में बड़ा सुधार आएगा।












