सीएम हाउस के पास दर्दनाक हादसा, सरकारी वाहन ने स्कूटर सवार छात्र को कुचला

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सरकारी वाहन ने स्कूटर सवार 14 वर्षीय छात्र को कुचला। परिवार में मातम, पुलिस आरोपी चालक की तलाश में।

रायपुर में सीएम हाउस के पास सरकारी वाहन की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र अंश आठवानी की मौत हो गई। उसकी बहन गंभीर रूप से घायल है। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, पुलिस तलाश में जुटी है।

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ क्लब के सामने, सीएम हाउस के पास सुबह करीब 7:50 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, भाई-बहन ईवी स्कूटर से स्कूल जा रहे थे। स्कूटर अंश आठवानी (14) चला रहा था और उसकी बहन नमिसा पीछे बैठी थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक सरकारी वाहन ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल नमिसा को तत्काल अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सीएम हाउस के पास दर्दनाक हादसा, सरकारी वाहन ने स्कूटर सवार छात्र को कुचला

घटना के बाद सरकारी वाहन का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से सरकारी वाहन को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।

पुलिस बोली- तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

मामले में सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सरकारी वाहन तेज रफ्तार में था। लापरवाही और तेज गति के कारण यह हादसा हुआ।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय सरकारी वाहन किस विभाग से संबंधित था और किस काम से जा रहा था।

परिवार में पसरा मातम

इस हादसे के बाद मृतक अंश आठवानी के परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंश स्कूल का छात्र था और रोज की तरह अपनी बहन के साथ पढ़ने जा रहा था।

स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्कूल समय के दौरान तेज रफ्तार वाहनों पर विशेष निगरानी होनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a comment