सीकर के उद्योग नगर क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्र गिर्राज गुर्जर ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में कोई नहीं था। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मामले की जांच जारी है।
Sikar: राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। उद्योग नगर थाना क्षेत्र के राधा किशनपुरा इलाके में रहने वाले 14 वर्षीय छात्र गिर्राज गुर्जर ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में कोई नहीं था।
जब उसकी मां सुबह अपनी बेटी को छोड़कर वापस घर लौटीं, तो उन्होंने बेटे को कमरे के गेट और चौखट के बीच चुन्नी से बने फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए और वह जोर-जोर से चीखने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इसी साल पढ़ाई के लिए सीकर आया था छात्र
उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश कुमार बुड़ानिया ने बताया कि मृतक गिर्राज गुर्जर (14) पुत्र महावीर प्रसाद मूल रूप से सीकर जिले के पाटन क्षेत्र के नारदा गांव का रहने वाला था। उसके पिता सरकारी शिक्षक हैं।
गिर्राज इसी साल पढ़ाई के लिए मां और बड़ी बहन के साथ सीकर आया था। वह शहर के एक निजी स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। तीनों राधा किशनपुरा इलाके में किराए के मकान में रहते थे। बताया गया है कि गिर्राज पढ़ाई में अच्छा था और नियमित रूप से स्कूल जाता था।
कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला
घटना की सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिर्राज का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही स्कूल या दोस्तों से जुड़ी कोई समस्या सामने आई है। पुलिस आशंका जता रही है कि संभव है किसी बात को लेकर घरवालों ने उसे डांटा हो, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गया और यह कदम उठा लिया।
हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।











