गोंडा: मंदिर से मुकुट व आभूषण चोरी का खुलासा, पुजारी का बेटा समेत दो गिरफ्तार

गोंडा: मंदिर से मुकुट व आभूषण चोरी का खुलासा, पुजारी का बेटा समेत दो गिरफ्तार

गोंडा जिले में मंदिर से चोरी की गई भगवान की मुकुट और आभूषणों की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पुजारी के बेटे सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मुकुट, आभूषण और नकदी भी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार कचहरी गेट नंबर तीन के पास स्थित एक मंदिर से भगवान के तीन चांदी के मुकुट, एक सोने की नथुनी और दानपात्र की नकदी चोरी हो गई थी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मंदिर में किसी प्रकार के ताले टूटने के निशान नहीं मिलने पर पुलिस को अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका का संदेह हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के पुजारी के बेटे अनुज मिश्र उर्फ गोलू और उसके साथी संदीप उर्फ कल्लू कश्यप को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और नकदी बरामद कर ली गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मंदिर परिसर की सुरक्षा को देखते हुए आसपास निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

Leave a comment