सेलिना जेटली को मिला फौजी बहन का सहारा, एक्ट्रेस बोलीं- 'एहसास हुआ कि मैं अकेली नहीं हूँ'

सेलिना जेटली को मिला फौजी बहन का सहारा, एक्ट्रेस बोलीं- 'एहसास हुआ कि मैं अकेली नहीं हूँ'

बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस Celina Jaitly के भाई, रिटायर्ड मेजर Vikrant Kumar Jaitly, पिछले कुछ समय से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में हैं। इस बारे में सेलिना ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास पोस्ट शेयर की।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने हाल ही में एक भावुक पोस्ट के जरिए फैंस के साथ अपनी निजी जिंदगी के एक अहम पल को साझा किया। उनका यह पोस्ट उनके भाई, रिटायर्ड मेजर विक्रांत कुमार जेटली के संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में होने के बाद आया है। पोस्ट में सेलिना ने फौजी परिवार की महिलाओं के स्नेह और सहयोग का जिक्र करते हुए बताया कि इस कठिन समय में उन्हें एहसास हुआ कि वे अकेली नहीं हैं।

फौजी बहन ने दिया अनोखा सहारा

सेलिना जेटली ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वे साड़ी में नजर आईं। उन्होंने लिखा, 

'एक फौजी बहन का स्नेह… जिंदगी की भागदौड़ में मैं भूल गई थी कि बहन से साड़ी लेना और पहनना कैसा होता है। एक फौजी ने मुझे साड़ी गिफ्ट की, पहनाई, पिन लगाई, प्लीट्स बनाई और ऐसे ओढ़ाई जैसे सुरक्षा में लपेट रही हों।'

सेलिना ने आगे बताया कि बहन ने उन्हें चूड़ी पहनाई, कान की बाली ठीक की, पल्लू सही किया और माथे पर बिंदी लगाई। इन छोटे-छोटे कार्यों ने सेलिना को यह एहसास दिलाया कि वे कठिन समय में भी अकेली नहीं हैं। उन्होंने बताया कि यह साड़ी उनकी बहन ने अपने पति की बंगाल पोस्टिंग के दौरान खरीदी थी।

बचपन की यादों ने दिलाया सुकून

सेलिना ने पोस्ट में लिखा, "इन सब चीज़ों को देखकर मुझे अपने बचपन की याद आ गई, जब मेरी मां प्यार से काथा साड़ी निकालकर पहनाती थीं। यह सिर्फ कपड़ा नहीं था, बल्कि प्यार और गर्व का एहसास था। काफी समय बाद ऐसा सुकून मुझे फिर से महसूस हुआ।" उन्होंने यह भी साझा किया कि वे कुमाऊंनी हैं और उनके अंदर ताकत नंदा देवी की कृपा और पहाड़ों की गोद से मिली है।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, कभी-कभी सुकून चुपचाप आता है, साड़ी की प्लेट्स में, चूड़ियों में और बहन के प्यार में। इस एहसास में कि अपनों के साए में अभी भी सुरक्षित हैं। लव यू, समीरा।

फौजी परिवार से जुड़ी पृष्ठभूमि

सेलिना जेटली एक फौजी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता कर्नल विक्रम कुमार जेटली पंजाबी हिंदू और भारतीय सेना अधिकारी रहे हैं, जबकि उनकी मां मीता जेटली अफगान हिंदू और सेना की नर्स थीं। उनके भाई विक्रांत जेटली भी रिटायर्ड मेजर हैं और फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात में हिरासत में हैं।विक्रांत जेटली के मामले में हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने उनके वकील को निर्देश दिया कि कोर्ट में एक नोट सीलबंद लिफाफे में जमा किया जाए। यह कदम इस लिए उठाया गया ताकि विक्रांत जेटली की कानूनी स्थिति और उनकी इच्छाओं को गोपनीय रखा जा सके।

Leave a comment