अभिनेत्री शिवालिका ओबेरॉय अपने पति और फिल्ममेकर अभिषेक पाठक की निर्देशित फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ देखने थिएटर पहुंचीं। फिल्म देखते समय शिवालिका भावुक हो गईं।
Shivaleeka Oberoi: निर्देशक अभिषेक पाठक की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता के बीच अभिषेक पाठक की पत्नी और अभिनेत्री शिवालिका ओबेरॉय भी इसे देखने थिएटर पहुंचीं। फिल्म खत्म होने के बाद एंड क्रेडिट्स में उनके लिए लिखा एक खास संदेश देखकर शिवालिका भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए।
अभिनेत्री ने इस खास पल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में वह बड़े पर्दे पर फिल्म के अंतिम क्रेडिट्स देखती नजर आ रही हैं। इसी दौरान स्क्रीन पर अभिषेक पाठक की ओर से शिवालिका के लिए लिखा गया धन्यवाद संदेश दिखाई देता है। अपने लिए लिखे इस संदेश को देखकर अभिनेत्री भावुक हो जाती हैं।
एंड क्रेडिट्स में क्या था खास?
फिल्म के अंत में अभिषेक पाठक ने शिवालिका के समर्थन और साथ के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। यह संदेश फिल्म की पूरी टीम के लिए दिए गए क्रेडिट्स के बीच अभिनेत्री के लिए एक व्यक्तिगत सम्मान की तरह नजर आया।
शिवालिका ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि बड़े पर्दे पर अपना नाम और अभिषेक का संदेश देखना उनके लिए बेहद भावुक पल था। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म देखने के बाद उन्हें दर्शकों से लगातार ऐसे संदेश मिल रहे हैं, जिनसे उन्हें महसूस हुआ कि इस पल की भावनात्मक अहमियत सिर्फ उनके लिए नहीं थी।
अभिनेत्री के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ की यात्रा उनके और अभिषेक के लिए आसान नहीं रही। फिल्म को पूरा करने के दौरान दोनों ने कई व्यक्तिगत और पेशेवर चुनौतियों का सामना किया।
फिल्म के सफर में साथ रहीं शिवालिका

शिवालिका ने अपने पोस्ट में बताया कि जब अभिषेक ने इस फिल्म के सफर की शुरुआत की थी, तब उनकी जिंदगी में कई बदलाव और मुश्किलें आईं। इस दौरान उन्हें कई तरह के त्याग करने पड़े और लंबे समय तक एक-दूसरे से दूर भी रहना पड़ा।
हालांकि, इन परिस्थितियों के बावजूद शिवालिका ने अभिषेक के काम और उनकी रचनात्मक सोच पर भरोसा बनाए रखा। उनके मुताबिक, फिल्म बनाने के दौरान सामने आई चुनौतियों ने उनके रिश्ते और धैर्य की भी परीक्षा ली, लेकिन अंत में फिल्म का दर्शकों तक पहुंचना उन सभी मुश्किलों को सार्थक बनाता हुआ नजर आया।
बेटी आरिका का भी किया जिक्र
शिवालिका ने अपने भावुक पोस्ट में अपनी बेटी आरिका का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि कई बार वह अपनी बेटी को देखकर सोचती हैं कि जब वह बड़ी होगी और उसे पता चलेगा कि उसके पिता ने ‘दृश्यम’ जैसी चर्चित फिल्म का निर्देशन किया था, तो उसे कितनी खुशी और गर्व महसूस होगा।
अभिनेत्री ने अभिषेक के लिए अपने गर्व को भी खुलकर जाहिर किया। उनके मुताबिक, पति के तौर पर अभिषेक का साथ देने के साथ-साथ उनके रचनात्मक सफर को करीब से देखना भी उनके लिए खास अनुभव रहा है।











