Shy Running: Tien Kung रोबोट ने 400 मीटर 38.15 सेकंड में दौड़कर जीता Gold, खुद चुना अनोखा पोज

Tien Kung रोबोट ने 400 मीटर रेस में 38.15 सेकंड का समय दर्ज कर Gold जीता। चेहरा ढककर दौड़ने के उसके Shy Running पोज ने सबका ध्यान खींचा।

बीजिंग में World Humanoid Robot Games के दौरान Tien Kung रोबोट ने चेहरा ढककर अनोखे अंदाज में 400 मीटर दौड़ लगाई। उसके इस Shy Running पोज ने ध्यान खींचा, जिसे इंजीनियरों के मुताबिक एल्गोरिदम ने अभ्यास के दौरान चुना।

बीजिंग: World Humanoid Robot Games में Tien Kung रोबोट का अनोखा Shy Running अंदाज चर्चा में है। रेस के दौरान रोबोट दोनों हाथों से अपना चेहरा ढककर दौड़ता नजर आया। इंजीनियरों के मुताबिक, यह मुद्रा पहले से तय नहीं थी, बल्कि लगातार अभ्यास के दौरान मोशन कंट्रोल एल्गोरिदम ने इसे रोबोट के लिए अधिक आरामदायक पाया। इससे दौड़ते समय पैरों पर फोकस रखते हुए हाथों पर लोड कम करने में मदद मिली।

World Humanoid Robot Games में दिखा Shy Running अंदाज

बीजिंग में आयोजित World Humanoid Robot Games के दौरान Tien Kung Omni नाम के ह्यूमनॉइड रोबोट ने अपने अनोखे रनिंग स्टाइल से दर्शकों का ध्यान खींचा। रेस के दौरान वह दोनों हाथों को चेहरे के सामने रखते हुए आगे बढ़ता दिखाई दिया। इसी वजह से दर्शकों ने उसके इस अंदाज को 'Shy Running' नाम दिया।

इसे X-Humanoid कंपनी ने विकसित किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के मोशन कंट्रोल एल्गोरिदम विशेषज्ञ Han Gang ने बताया कि रोबोट की शुरुआती रनिंग मूवमेंट इंसानों के दौड़ने के तरीके को ध्यान में रखकर तैयार की गई थी। हालांकि, लगातार ट्रेनिंग के दौरान रोबोट एक अलग मुद्रा में स्थिर हो गया, जो उसके लिए ज्यादा सुविधाजनक साबित हुई।

एल्गोरिदम ने क्यों चुना यह रनिंग पोज?

इंसानों की तरह दौड़ते समय हाथों को तेजी से आगे-पीछे करने पर रोबोट के कंधों के जोड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता था। इससे गर्मी बढ़ने के साथ ऊर्जा की खपत भी ज्यादा होती।

इसके मुकाबले चेहरे के पास हाथ रखने वाली मुद्रा में रोबोट अपने पैरों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर सका और ऊपरी शरीर की गतिविधि पर कम ऊर्जा खर्च हुई। इंजीनियरों के अनुसार, यह तरीका उसके लिए अधिक आरामदायक और व्यावहारिक था।

400 मीटर रेस में रिकॉर्ड प्रदर्शन

World Humanoid Robot Games में Tien Kung Omni ने 400 मीटर के स्मॉल-ग्रुप फाइनल में 45.66 सेकंड का समय दर्ज किया। वहीं, रिपोर्ट में Tien Kung Ultra के 400 मीटर रेस को 38.15 सेकंड में पूरा कर Gold जीतने का भी उल्लेख है।

38.15 सेकंड का यह समय इंसानों के 43.03 सेकंड के वर्ल्ड रिकॉर्ड से तेज बताया गया है। प्रतियोगिता में रोबोट्स ने रेसिंग के अलावा जिम्नास्टिक्स, ऑब्सटेकल रेस, टेबल टेनिस और फ्रीस्टाइल फाइटिंग जैसी प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया।

टेबल टेनिस और रेसिंग के अलावा भी मुकाबले

इस टूर्नामेंट में टेबल टेनिस को पहली बार शामिल किया गया। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली 12 टीमों ने एक ही रोबोट मॉडल का इस्तेमाल किया, ताकि मुकाबला मुख्य रूप से उनके सॉफ्टवेयर और decision-making capabilities के बीच रहे।

फ्रीस्टाइल जिम्नास्टिक्स के फाइनल में Galaxea टीम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, कुश्ती के मुकाबलों में कुछ रोबोट्स के हाथ-पैर टूटने के बावजूद वे दोबारा उठकर मुकाबला करते दिखाई दिए। कुछ मामलों में नॉकआउट के बाद रोबोट अपने प्रतिद्वंद्वी को खोज नहीं पाए और रिंग से बाहर चले गए।

Leave a comment