सिंगरौली में पहली बारिश में ढहा नया चेक डैम, कलेक्टर का बड़ा एक्शन; सचिव सस्पेंड

सिंगरौली में पहली बारिश में नया चेक डैम ढह गया। तकनीकी जांच में अनियमितताएं मिलने पर ग्राम सचिव निलंबित, सरपंच और सब-इंजीनियर पर कार्रवाई शुरू हुई।

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में पहली ही बारिश में नया चेक डैम ढहने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तकनीकी जांच में निर्माण में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया गया, जबकि सरपंच और सब-इंजीनियर पर भी कार्रवाई शुरू हुई है।

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली चेक डैम निर्माण में कथित लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। देवसर जनपद के कठदहा गांव में पहली ही बारिश में नया चेक डैम टूट गया। तकनीकी जांच में निर्माण मानकों की अनदेखी और वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहली ही बारिश में ढह गया नया चेक डैम

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। देवसर जनपद पंचायत के अंतर्गत कठदहा गांव के घघिया नाले पर हाल ही में बनाया गया चेक डैम पहली ही बारिश में ढह गया। बताया जा रहा है कि इस परियोजना का निर्माण लगभग दो सप्ताह पहले ही पूरा हुआ था, लेकिन मानसून की पहली बारिश का दबाव भी यह बांध नहीं झेल सका। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया।

सिंगरौली में पहली बारिश में ढहा नया चेक डैम, कलेक्टर का बड़ा एक्शन; सचिव सस्पेंड

मामला सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और सिंगरौली कलेक्टर गौरव बेनल ने तत्काल तकनीकी जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई।

तकनीकी जांच में मिली कई गंभीर खामियां

जांच रिपोर्ट के अनुसार चेक डैम का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया गया था। नियमों के अनुसार बांध की नींव कम से कम एक मीटर गहरी होनी चाहिए थी, लेकिन वास्तविक निर्माण में इससे कम गहराई रखी गई। इसके अलावा ग्रेविटी डैम के निर्माण में आवश्यक लोहे का उपयोग नहीं किया गया, जिससे संरचना कमजोर रही और बारिश के पानी का दबाव सहन नहीं कर सकी।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि डाउनस्ट्रीम स्लोप भी निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं बनाया गया था। सबसे गंभीर बात यह रही कि संबंधित सब-इंजीनियर ने बिना अंतिम माप (फाइनल मेजरमेंट) और तकनीकी मूल्यांकन के ही निर्माण कार्य को स्वीकृति दे दी। इसके बाद ग्राम पंचायत ने कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी हुए बिना ही 15वें वित्त आयोग की राशि से लगभग चार लाख रुपये का भुगतान भी निकाल लिया।

कलेक्टर का सख्त एक्शन, कई अधिकारियों पर गिरी गाज

तकनीकी जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने ग्राम सचिव बिहारी लाल साकेत को लापरवाही और अनियमितताओं के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, कठदहा गांव के सरपंच दिलशरण सिंह को मध्य प्रदेश पंचायत राज अधिनियम के तहत पद से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इसके अलावा निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले सब-इंजीनियर सतीश पटेल को सेवा समाप्ति के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सार्वजनिक धन की वसूली की मांग की है। जिला प्रशासन का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता जांच को और अधिक सख्त बनाया जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक सही तरीके से पहुंच सके।

Leave a comment