Columbus

सऊदी अरब ने भारतीयों के वीजा पर रोक की खबरों को बताया अफवाह, हज यात्रा को लेकर स्पष्टीकरण जारी

सऊदी अरब ने भारतीयों के वीजा पर रोक की खबरों को बताया अफवाह, हज यात्रा को लेकर स्पष्टीकरण जारी

सऊदी अरब ने हज के दौरान भारतीय वीजा पर रोक की खबरों को अफवाह बताया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में कोई भी आधिकारिक निर्देश जारी नहीं किया गया।

Saudi Arab Visa Update: सऊदी अरब की सरकार ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें यह दावा किया गया था कि हज यात्रा के दौरान भारतीय नागरिकों के वीजा पर अस्थायी रोक लगाई गई है। सऊदी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस संबंध में कोई भी आधिकारिक आदेश या नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है।

इस मामले में भारत सरकार से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि सऊदी अरब ने भारतीयों के वीजा रद्द करने जैसी कोई कार्रवाई नहीं की है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह खबर पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है।

कहां से शुरू हुई वीजा बैन की अफवाह?

हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह दावा किया गया था कि सऊदी अरब ने हज यात्रा के दौरान भारत सहित 14 देशों के नागरिकों के वर्क वीजा (Work Visa) पर रोक लगा दी है।

बताया जा रहा था कि यह रोक 30 जून 2025 तक लागू रहेगी और इसके पीछे हज के दौरान संभावित भीड़भाड़ को वजह बताया गया था। जिन देशों के नाम सामने आए उनमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, ईराक, यमन, सूडान, मिस्त्र, मोरक्को, नाइजीरिया, अल्जीरिया, ट्यूनिशिया, इथोपिया और तुर्की जैसे देशों का उल्लेख किया गया। हालांकि, इन दावों को सऊदी सरकार ने नकारते हुए कहा है कि यह सभी रिपोर्ट्स बेबुनियाद हैं और इन पर विश्वास न किया जाए।

वीजा प्रतिबंध नहीं, केवल व्यवस्थागत नियंत्रण

सऊदी प्रशासन ने यह जरूर स्वीकार किया कि हज सीजन के दौरान कुछ खास प्रकार के शॉर्ट टर्म वीजा (जैसे टूरिस्ट या वर्क विजिट वीजा) पर अस्थायी नियंत्रण लागू किया गया है ताकि मक्का और मदीना में अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

हालांकि यह एक रूटीन प्रक्रिया है और हज समाप्त होते ही इन सभी प्रतिबंधों को हटा लिया जाएगा। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि वर्क वीजा पर कोई बैन लगाया गया है, खासकर भारतीय नागरिकों के लिए।

भारत सरकार और सऊदी दूतावास की भी निगरानी

भारत सरकार की ओर से भी विदेश मंत्रालय और सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। भारतीय दूतावास ने फिलहाल किसी भी आधिकारिक सूचना की पुष्टि नहीं की है जिससे यह स्पष्ट होता है कि सऊदी अरब की ओर से भारत के लिए कोई नकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।

हज यात्रा के नियमों में कुछ बदलाव संभव

हर साल लाखों की संख्या में दुनियाभर से मुस्लिम श्रद्धालु हज यात्रा के लिए सऊदी अरब पहुंचते हैं। इस बार भी अनुमान है कि लगभग 20 लाख से अधिक यात्री सऊदी जाएंगे। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, सऊदी सरकार ने इस बार वीजा प्रक्रियाओं में कुछ संशोधन किए हैं जो पूरी तरह प्रशासनिक हैं।

Leave a comment