कर्मचारी चयन आयोग ने SSC CGL 2025 भर्ती के लिए अंतिम वैकेंसी सूची जारी कर दी है। अब कुल 15,125 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जो पहले घोषित 14,582 पदों से अधिक हैं। विभिन्न मंत्रालयों की अतिरिक्त मांग के बाद 543 पद बढ़ाए गए हैं, जिससे सरकारी नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए अवसर बढ़ गए हैं।
SSC CGL 2025 Final Vacancy: कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा 2025 के तहत कुल 15,125 पदों पर भर्ती की अंतिम संख्या जारी कर दी है। यह भर्ती केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में ग्रुप बी और ग्रुप सी पदों के लिए की जा रही है। पहले 9 जून 2025 को 14,582 पदों का नोटिफिकेशन जारी हुआ था, लेकिन बाद में विभागों की मांग पर 543 पद और जोड़ दिए गए। आयोग ने टियर-2 परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों को अंतिम रिजल्ट से पहले पोस्ट और विभाग की प्राथमिकता भरने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि चयन प्रक्रिया को समय पर पूरा किया जा सके।
कितनी बढ़ी SSC CGL 2025 की वैकेंसी
SSC ने 9 जून 2025 को जारी अपने शुरुआती नोटिफिकेशन में 14,582 पदों पर भर्ती का ऐलान किया था। बाद में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से अतिरिक्त मांग मिलने के बाद कुल 543 पद और जोड़ दिए गए। इसके बाद अंतिम वैकेंसी संख्या बढ़कर 15,125 हो गई है।
यह भर्ती अभियान केंद्र सरकार के कई अहम मंत्रालयों और विभागों में नियुक्तियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। आयोग के अनुसार, इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को प्रशासनिक, कर, लेखा और सहायक स्तर के कई अहम पदों पर तैनाती दी जाएगी।

किस वर्ग के लिए कितनी सीटें तय
SSC की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 15,125 पदों में अलग-अलग वर्गों के लिए सीटें आरक्षित की गई हैं। इनमें 6,459 पद अनारक्षित वर्ग, 3,834 पद ओबीसी, 2,223 पद एससी, 1,134 पद एसटी और 1,475 पद ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
इन भर्तियों में सबसे अधिक पद वित्त मंत्रालय के अधीन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) में अधीक्षक के लिए हैं, जहां 6,626 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के 412 पद और टैक्स असिस्टेंट के 1,294 पद भी इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
इन विभागों में भी होंगी बड़ी भर्तियां
SSC CGL भर्ती के जरिए केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) में भी कई अहम पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें इंस्पेक्टर (सेंट्रल एक्साइज) के 1,306 पद, इंस्पेक्टर (एग्जामिनर) के 137 पद और इंस्पेक्टर (प्रिवेंटिव ऑफिसर) के 353 पद शामिल हैं।
इसके अलावा विभागों में एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट के 183 पद और टैक्स असिस्टेंट के 771 पद भी भरे जाएंगे। ये पद प्रशासनिक और कर से जुड़े कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इनकी मांग भी अधिक रहती है।
पोस्ट प्रेफरेंस भरना जरूरी
SSC ने टियर-2 परीक्षा में शामिल हुए सभी उम्मीदवारों को अंतिम रिजल्ट जारी होने से पहले पोस्ट और विभाग की प्राथमिकता भरने के निर्देश दिए हैं। आयोग के अनुसार उम्मीदवारों को 13 मार्च तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इस भर्ती प्रक्रिया में टियर-1 परीक्षा का रिजल्ट 18 दिसंबर को जारी किया गया था। इसके बाद टियर-2 परीक्षा 18 से 20 जनवरी के बीच आयोजित की गई थी। अब पोस्ट प्रेफरेंस के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।
जल्द आएंगी SSC की नई भर्तियां
SSC आने वाले समय में कई नई भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया भी शुरू करने जा रहा है। आयोग इस महीने SSC CGL 2026, जूनियर इंजीनियर परीक्षा 2026 और सेलेक्शन पोस्ट फेज-14 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा।
इन भर्तियों के लिए उम्मीदवार अप्रैल के अंत तक आवेदन कर सकेंगे और प्रारंभिक कंप्यूटर आधारित परीक्षा मई में आयोजित होने की संभावना है। इसके अलावा अगले महीने SSC CHSL 2026, स्टेनोग्राफर ग्रेड C और D परीक्षा 2026 और संयुक्त हिंदी अनुवादक परीक्षा 2026 के नोटिफिकेशन भी जारी किए जा सकते हैं। इन परीक्षाओं का आयोजन जुलाई से सितंबर के बीच होने की संभावना है।









