सुलतानपुर। जिले में धान खरीद की सुस्त रफ्तार पर एसडीएम ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए बुधवार को कई खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 2500 मीट्रिक टन क्षमता वाले क्रय केंद्र पर अब तक केवल 120 क्विंटल धान की ही खरीद हुई है। इस पर एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों को फटकार लगाते हुए खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
एसडीएम ने रजिस्टर, स्टॉक प्रविष्टि, तौल व्यवस्था और किसान पंजीकरण की स्थिति की गहन जांच की। उन्होंने कहा कि धान खरीद में सुस्ती किसानों के हितों को सीधे प्रभावित करती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसानों ने भी शिकायत की कि खरीद प्रक्रिया अत्यंत धीमी चल रही है, जिससे उन्हें अनावश्यक समय बर्बाद करना पड़ रहा है। इस पर एसडीएम ने आश्वासन दिया कि प्रशासन किसानों को बिना कारण प्रतीक्षा नहीं करने देगा और क्रय केंद्रों की निगरानी और भी कड़ी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने किसानों को पराली न जलाने की सख्त चेतावनी देते हुए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की सलाह दी। साथ ही खाद और बीज की उपलब्धता सामान्य होने की जानकारी देते हुए किसानों से अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की।
उन्होंने किसानों को यह भी कहा कि वे समय पर फार्मर रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं, जिससे सरकार की योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।











