सुलतानपुर में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनकी कार से करीब 33 किलो गांजा और ₹3.25 लाख नकद बरामद किया गया है।
पुलिस ने लंभुआ-शिवगढ़ मार्ग पर खड़ुआन गांव के पास संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, तो कार के गुप्त चैंबर में भारी मात्रा में गांजा मिला। मौके पर दो गाड़ियाँ भी जब्त की गईं, जिनका उपयोग गांजा तस्करी में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरदेव चौहान, धर्मेंद्र सरोज और उनकी पत्नी अनीता देवी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने की बात कबूल की है।
पुलिस ने मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।










