जयपुर में एक पिता ने अपनी 8 महीने की बेटी सहनाज की कैंची से हत्या कर दी और खुद फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। आरोपी सादाब को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।
Jaipur: सूत्रों के अनुसार, सादाब (19) उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला है। उसकी शादी जुलाई 2025 में रूकसार बानो (19) से हुई थी। दंपती की 8 महीने की बेटी सहनाज थी। करीब छह दिन पहले सादाब अपनी पत्नी और बेटी के साथ सुसराल आया था। 6 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे सादाब और रूकसार के बीच गांव लौटने को लेकर झगड़ा हुआ। रूकसार ने कुछ और दिनों के लिए रुकने की बात कही, जिससे सादाब नाराज हो गया।
झगड़े के दौरान सादाब ने रूकसार के साथ मारपीट की और गला दबाकर मारने की कोशिश की। इस समय रूकसार के भाई सोहिल ने बीच-बचाव किया और सादाब को पीछे किया।
पड़ोसियों के बीच-बचाव के बावजूद हताहत हुई बच्ची
सादाब नाराज होकर सोहिल के साथ भी मारपीट करने लगा और सोहिल के सिर पर स्टील की केतली से हमला किया। झगड़ा बढ़ता देख रूकसार ने पड़ोसियों की मदद मांगी। पड़ोसियों ने सादाब को अलग किया और रूकसार को बचाया।
इसके बाद सादाब ने बेटी सहनाज को सोहिल की गोद से छीन लिया और कमरे में बंद कर दिया। उसने गेट बंद कर कंबल में लपेटकर कैंची से सहनाज का गला काट दिया। हत्या के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी कैंची से वार किया और फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की।
पड़ोसियों ने तोड़ा गेट
पड़ोसी बार-बार खटखटा कर अंदर जाने की कोशिश करने लगे। जब सादाब ने गेट नहीं खोला, तो पड़ोसियों ने गेट तोड़कर अंदर घुसा। उन्हें फंदे से लटका हुआ सादाब मिला। उन्होंने तुरंत उसे फंदे से उतारा और गंभीर हालत में अस्पताल ले गए।
रूकसार ने बेटी को देखा, तो वह लहूलुहान हालत में कंबल में मिली। बच्ची को गंभीर हालत में हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंपा और रूकसार की शिकायत पर सादाब के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
आरोपी गिरफ्तार
मालपुरा गेट थाना पुलिस ने 12 फरवरी की रात आरोपी सादाब को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि सादाब ने पहले खुद पर वार किया और फिर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों के समय पर मदद पहुंचने से उसकी जान बच गई।










