टी20 विश्व कप के ग्रुप सी को शुरुआत में ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ माना जा रहा था, लेकिन बांग्लादेश के भारत में नहीं खेलने की मांग के कारण आईसीसी ने उसे इस ग्रुप से बाहर कर दिया और स्कॉटलैंड को शामिल किया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच 7 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। इस साल के टूर्नामेंट में ग्रुप सी को पहले ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ माना जा रहा था, लेकिन बांग्लादेश के हटने और उसकी जगह स्कॉटलैंड के शामिल होने से समीकरण बदल गए हैं। अब इंग्लैंड और वेस्टइंडीज, दोनों दो-दो बार के विश्व कप विजेता, के लिए अगले दौर में क्वालीफाई करना आसान हो गया है।
इस ग्रुप में पहली बार क्वालीफाई करने वाली इटली, लगातार दूसरी बार खेल रही नेपाल, और अब स्कॉटलैंड शामिल हैं। ये टीमें किसी भी समय उलटफेर कर सकती हैं, जिससे ग्रुप में रोमांच और बढ़ गया है।
बांग्लादेश के हटने का असर
भारतीय उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में बांग्लादेश हमेशा अन्य टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। उनकी गैर-मौजूदगी ने ग्रुप की प्रतिस्पर्धा का संतुलन बदल दिया है। आईसीसी के अनुसार, बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है, जिससे ग्रुप में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के लिए अगले चरण में प्रवेश की राह आसान हो गई है।
इंग्लैंड की टीम 2010 और 2022 में टी20 विश्व कप जीत चुकी है। इस बार टीम की कमान हैरी ब्रूक के हाथों में है। ब्रूक ने हाल ही में जोस बटलर की जगह सीमित ओवर प्रारूप में कप्तानी संभाली है और यह उनका पहला वैश्विक टूर्नामेंट है। इंग्लैंड के पास बल्लेबाजी में जो बटलर, फिल साल्ट और बेन डकेट जैसे विस्फोटक खिलाड़ी हैं। मध्यक्रम में ब्रूक और टाम बेंटन गेम बदलने की क्षमता रखते हैं, जबकि जैकब बेथेल एक वर्सेटाइल आलराउंडर के रूप में टीम की ताकत हैं।
जहां तेज गेंदबाजों में टीम की संभावित कमजोरी हो सकती है। मार्क वुड चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर हाल ही में एशेज के दौरान साइड स्ट्रेन से लौटे हैं।
![]()
वेस्टइंडीज का अनुभव
वेस्टइंडीज टीम 2012 और 2016 में टी20 विश्व कप जीत चुकी है। इस बार टीम की कप्तानी शाई होप के हाथों में है। टीम के ज्यादातर खिलाड़ी टी20 क्रिकेट को प्राथमिकता देते हैं और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय टी20 लीग में खेलते हैं। हाल ही में अधिकांश खिलाड़ी एसए20 से लौटे हैं, जिससे उनकी फार्म बेहतरीन है।वेस्टइंडीज का पहला मुकाबला 7 फरवरी को स्कॉटलैंड के खिलाफ कोलकाता में होगा। इस ग्रुप में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के नाकआउट चरण में पहुंचने की संभावना सबसे अधिक मानी जा रही है।
नेपाल लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर रहा है। टीम की कमान रोहित पौडेल के हाथों में है। 8 फरवरी को नेपाल का पहला मैच इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में होगा। नेपाल की टीम इस टूर्नामेंट में उत्साह और जुनून से खेलते हुए इटली और स्कॉटलैंड के खिलाफ उलटफेर की संभावना रखती है।









