नारायण जगदीशन के विस्फोटक शतक और कप्तान आयुष बडोनी की तेजतर्रार नाबाद पारी के बाद गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत इंडिया-ए ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मुकाबले में अमेरिका को 38 रन से हराया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: नारायण जगदीशन के 104 रन और कप्तान आयुश बडोनी की नाबाद 60 रनों की पारी की मदद से इंडिया-ए ने सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप-2026 के वार्मअप मैच में अमेरिका को 38 रनों से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया-ए ने तीन विकेट खोकर 238 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जबकि अमेरिकी टीम दो गेंद पहले ही 200 रनों पर ऑल आउट हो गई।
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जगदीशन ने 55 गेंदों पर 11 चौकों और पांच छक्कों की धमाकेदार पारी खेली, वहीं बडोनी ने 26 गेंदों में छह चौके और चार छक्कों की मदद से तूफानी प्रदर्शन कर टीम का स्कोर और भी बड़ा किया।
जगदीशन–बडोनी का आक्रामक मास्टरक्लास
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। विकेटकीपर-बल्लेबाज नारायण जगदीशन ने मात्र 55 गेंदों में 104 रन ठोक दिए, जिसमें 11 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनकी टाइमिंग, रेंज-हिटिंग और स्ट्राइक-रोटेशन ने अमेरिकी गेंदबाजों को लगातार दबाव में रखा।
कप्तान आयुष बडोनी ने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई और 26 गेंदों में 6 चौकों व 4 छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 35 गेंदों में 73 रन की साझेदारी हुई, जिसने इंडिया-ए को 200 के पार पहुंचा दिया। इससे पहले, ओपनर प्रियांश आर्या ने 13 गेंदों में 28 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मंच तैयार किया। चोट से वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने जगदीशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 113 रन जोड़े। तिलक 24 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए।

अमेरिका की जुझारू लेकिन नाकाफी चुनौती
विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका ने लड़ाकू रवैया दिखाया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। कप्तान मोनांक पटेल (10) और साइतेजा मुक्कामल्ला (0) जल्दी लौट गए, लेकिन सलामी बल्लेबाज एंड्रियास गौस और मिलिंद कुमार ने पारी को संभालने की कोशिश की। मिलिंद 18 रन बनाकर रवि बिश्नोई की गेंद पर आउट हुए, जबकि गौस ने 44 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन तिलक वर्मा ने उनका विकेट लेकर साझेदारी तोड़ी।
मध्यक्रम में संजय कृष्णामूर्ति ने 18 गेंदों में 41 रन बनाकर मैच में रोमांच पैदा किया, लेकिन खलील अहमद ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर उन्हें आउट कर दिया। अंत में शुभम रंजन (28), हरमीत सिंह (25) और मोहम्मद मोहसिन (21) ने संघर्ष किया, मगर बढ़ते रन-रेट के दबाव में टीम लक्ष्य से दूर रह गई। बड़े स्कोर के बावजूद इंडिया-ए के गेंदबाजों ने संयम बनाए रखा।
रवि बिश्नोई सबसे सफल रहे और 3 विकेट झटके। खलील अहमद और नमन धीर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अशोक शर्मा और तिलक वर्मा को 1-1 सफलता मिली।









