विश्व के शीर्ष रैंकिंग वाले टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज ने अपने लंबे समय से कोच रहे जुआन कार्लोस फरेरो के साथ सात साल की सफल साझेदारी समाप्त करने का फैसला किया है।
Alcaraz-Ferrero: विश्व के नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज और उनके लंबे समय के कोच जुआन कार्लोस फरेरो की सात साल की सफल साझेदारी अब समाप्त हो गई है। बुधवार को अल्कराज ने सोशल मीडिया के जरिए इस फैसले की घोषणा की। इस जोड़ी के साथ बिताए गए वर्षों में अल्कराज ने टेनिस की दुनिया में कई कीर्तिमान स्थापित किए।
अल्कराज और फरेरो की साझेदारी का सफर
फरेरो ने अल्कराज को 15 साल की उम्र से कोचिंग दी थी। उनके मार्गदर्शन में अल्कराज ने कुल छह ग्रैंड स्लैम खिताब जीते, जिनमें दो-दो फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने 24 एटीपी टूर खिताब अपने नाम किए, जिनमें आठ मास्टर्स 1000 ट्रॉफियां भी शामिल हैं।अल्कराज ने लिखा,
'सात साल से ज्यादा समय साथ बिताने के बाद, जुआन और मैंने कोच और खिलाड़ी के रूप में अपनी यात्रा को यहीं समाप्त करने का फैसला किया है। मेरे बचपन के सपनों को हकीकत में बदलने के लिए धन्यवाद। जब हमने यह सफर शुरू किया था, तब मैं बस एक बच्चा था। आपने कोर्ट के अंदर और बाहर, हर कदम पर मेरा साथ दिया। मैंने इस यात्रा के हर पल का भरपूर आनंद लिया।'
फरेरो ने भी अलग बयान में कहा, “आज का दिन मुश्किल है। ऐसे मौकों पर सही शब्द ढूंढना आसान नहीं होता। अलविदा कहना कभी आसान नहीं होता, खासकर तब जब इतने अनुभव साझा किए हों। हमने कड़ी मेहनत की, साथ बढ़े और अविस्मरणीय पल जिए। साथ ही फरेरो ने यह भी बताया कि वे इस साझेदारी को जारी रखना चाहते थे, लेकिन अल्कराज के नए मार्ग और करियर की दिशा को देखते हुए अलग होने का निर्णय लिया गया।

अल्कराज की उपलब्धियां
22 वर्षीय अल्कराज ने 2022 में यूएस ओपन जीतकर एटीपी रैंकिंग में नंबर 1 बनने का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वह सबसे युवा खिलाड़ी बने जिन्होंने विश्व की शीर्ष रैंकिंग पर कब्जा किया। फरेरो के मार्गदर्शन में अल्कराज ने खेल में तकनीकी कौशल के साथ मानसिक मजबूती भी हासिल की, जिसने उन्हें वैश्विक टेनिस जगत में सबसे प्रतिष्ठित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया।
अल्कराज और फरेरो की साझेदारी केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित नहीं रही। इस जोड़ी ने टेनिस के खेल को नई दिशा दी और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी। उनके बीच का आपसी विश्वास, रणनीति और परिश्रम ने कोर्ट पर कई यादगार मैचों को जन्म दिया।












