करण जौहर के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन का 3 सितंबर को ग्रैंड फिनाले हुआ, जिसमें क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने बाजी मार ली। दोनों को विजेता बनने पर ट्रॉफी के साथ 66 लाख रुपये की प्राइज मनी मिली।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: करण जौहर के चर्चित रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ का फिनाले 3 सितंबर को हुआ, जिसमें क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने शानदार अंदाज में जीत दर्ज की। दोनों ने न सिर्फ शो की ट्रॉफी अपने नाम की, बल्कि कुल 66 लाख रुपये की प्राइज मनी भी जीती। फिनाले में दोनों ट्रेटर्स ने आखिरी क्षण तक एक-दूसरे का साथ दिया और अपनी रणनीति से बाकी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
शो के दूसरे सीजन में शुरुआत से ही विश्वास, धोखे और रणनीति का खेल देखने को मिला। क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने बतौर ट्रेटर्स अपनी पहचान छिपाते हुए एक के बाद एक खिलाड़ियों को गेम से बाहर किया। फिनाले तक पहुंचते-पहुंचते दोनों ने ऐसी स्थिति बना ली थी कि दूसरे प्रतियोगियों के लिए उनकी असली रणनीति को समझना बेहद मुश्किल हो गया।
फिनाले से पहले मल्लिका शेरावत हुईं बाहर
फिनाले के निर्णायक दौर से पहले क्रिस्टल और रिदा ने मल्लिका शेरावत को गेम से बाहर कर दिया। मल्लिका के बाहर होने के बाद दलीप ताहिल, शालिनी पासी, साहिल सलाथिया, रिदा थराना और क्रिस्टल डिसूजा फिनाले की रेस में रह गए। इसके बाद प्रतियोगियों को आखिरी बड़े मिशन में हिस्सा लेना था। इस टास्क में उन्हें ऊंटों पर रखे बैग में से सोने की ईंटें तलाशनी थीं।
उस समय तक शो की प्राइज मनी 48.40 लाख रुपये थी। खिलाड़ियों ने मिशन के दौरान 17.60 लाख रुपये और जोड़े, जिसके बाद कुल इनाम की राशि बढ़कर 66 लाख रुपये हो गई।
क्रिस्टल ने दलीप ताहिल के खिलाफ बनाई रणनीति
![]()
मिशन खत्म होने के बाद खिलाड़ियों के बीच ‘सर्कल ऑफ शक’ का दौर आया। इसी दौरान साहिल सलाथिया और दलीप ताहिल के बीच तीखी बहस देखने को मिली। शालिनी पासी ने भी दलीप की कुछ टिप्पणियों पर नाराजगी जताई। इस स्थिति का फायदा क्रिस्टल डिसूजा ने उठाया। उन्होंने बाकी खिलाड़ियों को अपनी रणनीति के पक्ष में किया और दलीप ताहिल को वोट आउट करवाने में सफल रहीं। दलीप फिनाले के बेहद करीब पहुंचने के बावजूद अपनी असली भूमिका को लेकर बाकी खिलाड़ियों को पूरी तरह आश्वस्त नहीं कर पाए।
आखिरी चार में पहुंचीं शालिनी, साहिल, क्रिस्टल और रिदा
दलीप के बाहर होने के बाद शो में चार खिलाड़ी बचे—शालिनी पासी, साहिल सलाथिया, क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना। इसके बाद फिनाले का सबसे अहम और तनावपूर्ण खेल शुरू हुआ। चारों खिलाड़ियों के सामने एक-एक बॉक्स रखा गया था। उन्हें उसमें से ‘ट्रस्ट’ या ‘शक’ में से किसी एक विकल्प को चुनना था। अगर सभी खिलाड़ी ‘ट्रस्ट’ चुनते, तो गेम तुरंत खत्म हो जाता।
लेकिन किसी एक खिलाड़ी के ‘शक’ चुनने पर गेम आगे बढ़ता और वोटिंग के जरिए किसी खिलाड़ी को बाहर किया जाता। पहले राउंड में सभी खिलाड़ियों ने ‘शक’ का विकल्प चुना। इसके बाद हुई वोटिंग में साहिल सलाथिया को गेम से बाहर कर दिया गया।
दूसरे राउंड में क्रिस्टल का मास्टरस्ट्रोक
गेम में अब तीन खिलाड़ी बची थीं। दूसरे राउंड में क्रिस्टल डिसूजा ने बेहद महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए ‘ट्रस्ट’ चुना। रिदा थराना ने भी क्रिस्टल का साथ देते हुए ‘ट्रस्ट’ का विकल्प चुना। हालांकि शालिनी पासी ने फिर से ‘शक’ को चुना। इसके बाद एक और वोटिंग हुई। शालिनी ने रिदा के खिलाफ वोट किया, जबकि क्रिस्टल और रिदा ने मिलकर शालिनी को निशाना बनाया। इस तरह शालिनी भी गेम से बाहर हो गईं।
आखिर में केवल क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना बचीं और दोनों ने मिलकर ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ का खिताब अपने नाम कर लिया। क्रिस्टल के पास मौका था कि वह रिदा को हटाकर अकेले पूरी प्राइज मनी जीतने की कोशिश करतीं, लेकिन उन्होंने आखिरी समय तक अपनी पार्टनर का साथ निभाया।








