तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: BJP ने AIADMK के सामने रखी 50+ सीटों की मांग, गठबंधन पर बनी असहमति

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: BJP ने AIADMK के सामने रखी 50+ सीटों की मांग, गठबंधन पर बनी असहमति

भाजपा ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस चुनाव में भाजपा और AIADMK के बीच गठबंधन हुआ है। हाल ही में AIADMK महासचिव एडप्पाडी पलनीस्वामी ने नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी।

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है। हालांकि, ताजा चर्चाओं से यह साफ हो गया है कि दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग और गठबंधन के स्वरूप को लेकर मतभेद बने हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, BJP ने इस बार पिछली तुलना में कहीं ज्यादा सीटों की मांग रखी है, जिस पर AIADMK फिलहाल सहमत नहीं दिख रही।

BJP ने कितनी सीटों की रखी मांग?

सूत्रों के मुताबिक, BJP ने तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में से 50 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग AIADMK के सामने रखी है। यह मांग सबसे पहले 23 दिसंबर को चेन्नई में हुई बैठक में सामने आई थी, जहां AIADMK महासचिव एडप्पाडी के. पलनीस्वामी और केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल के बीच बातचीत हुई थी।

इसके बाद हाल ही में पलनीस्वामी की नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई, जिसमें भी BJP ने अपनी मांग दोहराई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि BJP तमिलनाडु में अपने बढ़ते संगठनात्मक आधार और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत स्थिति को देखते हुए अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।

AIADMK का क्या है रुख?

AIADMK ने BJP की इस मांग पर अब तक कोई औपचारिक सहमति नहीं दी है। पार्टी का स्पष्ट संदेश है कि वह खुद कम से कम 170 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इसका सीधा मतलब यह है कि AIADMK, BJP समेत सभी सहयोगी दलों के लिए केवल 64 सीटें छोड़ने के पक्ष में है। AIADMK नेताओं का मानना है कि तमिलनाडु की राजनीति में पार्टी का जनाधार अब भी मजबूत है और नेतृत्व की जिम्मेदारी उसी को निभानी चाहिए। ऐसे में BJP की 50 से ज्यादा सीटों की मांग को AIADMK अपने लिए रणनीतिक रूप से नुकसानदेह मान रही है।

सीटों के अलावा गठबंधन को लेकर एक और अहम मुद्दा भी बातचीत में सामने आया है। BJP चाहती है कि गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम (OPS) और TTV दिनाकरन की पार्टी AMMK को भी गठबंधन में शामिल किया जाए। हालांकि, AIADMK इस प्रस्ताव से भी सहमत नहीं दिख रही। पार्टी सूत्रों के अनुसार:

  • ओ. पन्नीरसेल्वम को गठबंधन में शामिल करने का सवाल ही नहीं उठता
  • TTV दिनाकरन के मुद्दे पर भविष्य में विचार किया जा सकता है, लेकिन अभी कोई फैसला नहीं हुआ है

यह साफ संकेत देता है कि AIADMK आंतरिक राजनीतिक संतुलन को बिगाड़ने के मूड में नहीं है। BJP और AIADMK के बीच हुई ताजा बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित चुनावी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। दोनों दल यह रणनीति बना रहे हैं कि किन क्षेत्रों में पीएम मोदी की रैलियां और कार्यक्रम गठबंधन को अधिक फायदा पहुंचा सकते हैं।

Leave a comment